राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डुघीलग ने पूरे किए गौरवशाली 100 वर्ष
विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने शताब्दी समारोह में की शिरकत
शताब्दी स्मारक और स्मारिका ‘लगधारा’ का किया अनावरण
कुल्लू, 14 नवम्बर।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डुघीलग ने शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में अपनी गौरवशाली यात्रा के 100 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को यादगार बनाने के लिए विद्यालय परिसर में शताब्दी समारोह एवं वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सुनीता शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा उन्हें शॉल और पारंपरिक कुल्लवी टोपी भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में विद्यालय के वर्तमान एवं भूतपूर्व विद्यार्थियों, अध्यापकों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने शताब्दी स्मारक का अनावरण कर विद्यालय की ऐतिहासिक विरासत को नमन किया। इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय के इतिहास, शैक्षणिक उपलब्धियों और गौरवशाली सफर को दर्शाती स्मारिका ‘लगधारा’ का भी विमोचन किया। यह स्मारिका विद्यालय के सौ वर्षों के सफर, उपलब्धियों और इससे जुड़े महत्वपूर्ण संस्मरणों को संजोने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
बाल दिवस के अवसर पर विधायक ने सभी बच्चों को बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को याद करते हुए कहा कि नेहरू जी को बच्चों से विशेष लगाव था और बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहकर पुकारते थे। उनका मानना था कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके सर्वांगीण विकास, बेहतर शिक्षा तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य और समाज की सबसे बड़ी पूंजी हैं। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, उचित मार्गदर्शन और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा जीवन में एक अच्छा नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विद्यालय के 100 वर्ष पूरे होने पर समस्त विद्यालय परिवार, अध्यापकों, विद्यार्थियों, भूतपूर्व छात्रों और क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान के लिए एक शताब्दी का गौरवशाली सफर पूरा करना अत्यंत गर्व और सम्मान की बात है। सौ वर्षों की यह यात्रा केवल एक विद्यालय की उपलब्धि नहीं, बल्कि क्षेत्र में शिक्षा के प्रसार, सामाजिक जागरूकता और नई पीढ़ी के निर्माण की महत्वपूर्ण कहानी है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनमें अनुशासन, नैतिक मूल्य, संस्कार, आत्मविश्वास और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। किसी भी क्षेत्र की प्रगति में शिक्षण संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विद्यालय की इस गौरवशाली यात्रा में पूर्व एवं वर्तमान अध्यापकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों का योगदान सराहनीय रहा है। उन्होंने विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह संस्थान आने वाली पीढ़ियों को भी शिक्षा और संस्कारों के माध्यम से आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।
शताब्दी समारोह में 70 वर्ष से अधिक आयु व अन्य भूतपूर्व विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान पूर्व विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने हिमाचली लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।
इस दौरान विधायक ने शैक्षणिक परीक्षाओं एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियां भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा निखारने और विद्यालय तथा क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने शताब्दी समारोह के दौरान विद्यालय और क्षेत्र में विभिन्न विकासात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आर्थिक सहायता देने की घोषणाएं कीं। उन्होंने विद्यालय के डैफोडिल ईको क्लब को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने से जुड़ी गतिविधियों के संचालन के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त उन्होंने माता बागा सिद्ध के सराय भवन के निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना करते हुए आयोजन के लिए 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की।
विधायक ने विद्यालय में खेल सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें बेहतर अभ्यास सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से कबड्डी मैट, ऊंची कूद के लिए मैट तथा अन्य खेलों से संबंधित आवश्यक सामान उपलब्ध करवाने की घोषणा की।
Kullu, Kullu | Nov 14, 2026