मैनपुरी- नशा में धुत युवक पर लड़कियों से अश्लील हरकतों का आरोप, विरोध करने हाथापाई और मारपीट वीडियो वायरल
मैनपुरी में एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटियों की सुरक्षा को लेकर पुलिसy अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि गांव का एक युवक उसकी बेटियों से लगातार अश्लील हरकतें कर रहा है और विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पुलिस पर भी कार्रवाई न करने का आरोप लगाया गया है।
थाना एलाऊ क्षेत्र के गाँव निवासी महिला ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि गांव का यतेन्द्र कुमार उनकी दो नाबालिग बेटियों और बहिन की बेटी पर गलत नजर रखता है। 25 जुलाई को आरोपी कथित तौर पर नशे की हालत में उनके घर पहुंचा और लड़कियों से अश्लील हरकतें व अभद्र बातें करने लगा। डायल-112 पर सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो आरोपी भाग गया। आरोप है कि पुलिस के लौटते ही आरोपी अपने परिजनों के साथ घर में घुस आया और परिवार को धमकाया।
महिला का कहना है कि 27 जुलाई को आरोपियों ने उसकी बेटी और बहिन की बेटी का रास्ता रोकने के बाद लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी, दरांती और तमंचे के साथ घर पहुंचकर मारपीट और पथराव किया। पीड़िता का दावा है कि घटना के वीडियो और ऑडियो साक्ष्य मौजूद हैं, लेकिन थाना स्तर पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। अब महिला ने पुलिस अधीक्षक से रिपोर्ट दर्ज कराकर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।