#बरेली को #स्मार्ट #सिटी बनाने के लिए व्यापारियों ने बीडीए को दिए आठ सुझाव
पुराने बाजारों में पार्किंग की बाध्यता खत्म करने, औद्योगिक पार्क जल्द विकसित करने और रामायण वाटिका व साइंस पार्क का काम तेज कराने की मांग
बरेली। बरेली को स्मार्ट सिटी की परिकल्पना के अनुरूप विकसित करने के लिए व्यापारियों ने बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) के उपाध्यक्ष को ज्ञापन देकर शहर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए। व्यापारियों ने कहा कि बरेली को स्मार्ट सिटी घोषित हुए करीब आठ वर्ष हो चुके हैं। शहर में विकास के कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं, लेकिन अभी भी कई ऐसे काम हैं, जिन्हें पूरा किए बिना स्मार्ट सिटी की परिकल्पना पूरी नहीं हो सकती।
व्यापारियों ने सुझाव दिया कि शहर के बड़े शॉपिंग मॉल और बाजारों के साथ स्ट्रीट वेंडर्स के लिए भी व्यवस्थित बाजार विकसित किए जाएं। उन्होंने कहा कि बाजार किसी भी शहर की अर्थव्यवस्था और विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
पुराने बाजारों में नक्शे की समस्या उठाई
व्यापारियों ने शहर के प्राचीन बाजारों को हेरिटेज बाजार के रूप में विकसित करने की मांग की। उनका कहना है कि इन बाजारों में दुकानों के नक्शे स्वीकृत करते समय पार्किंग की बाध्यता को लेकर व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाया जाए, क्योंकि इन बाजारों में लंबे समय से बाजार के बाहर पार्किंग की व्यवस्था होती रही है।
उन्होंने बीडीए द्वारा विकसित सड़कों के सौंदर्यीकरण के साथ वहां सूचना बोर्ड लगाने का सुझाव दिया, ताकि लोगों को जानकारी मिल सके कि संबंधित मार्ग का विकास बीडीए ने कराया है। व्यापारियों के नक्शों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष कैंप लगाकर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण की मांग भी की गई।
औद्योगिक पार्क जल्द विकसित करने की मांग
व्यापारियों ने बीडीए द्वारा पूर्व में प्रस्तावित औद्योगिक पार्क का काम शीघ्र शुरू कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि पार्क के लिए प्री-बुकिंग कराने वाले लोगों को प्राथमिकता के आधार पर भूखंड आवंटित किए जाएं।
शाहजहांपुर रोड की झाड़ियों और लाइटिंग का मुद्दा
सेटेलाइट से इनवर्टिस विश्वविद्यालय तक शाहजहांपुर रोड का हवाला देते हुए व्यापारियों ने कहा कि मार्ग के डिवाइडर पर अनियंत्रित झाड़ियां खड़ी हो गई हैं। इससे सड़क की सुंदरता प्रभावित हो रही है। उन्होंने झाड़ियों की कटाई-छंटाई, मार्ग का सौंदर्यीकरण और स्ट्रीट लाइटों को नियमित रूप से जलाने की व्यवस्था कराने की मांग की।
इसके अलावा रामायण वाटिका का काम जल्द पूरा कर उसे शुरू कराने तथा साइंस पार्क के धीमे चल रहे कार्य में तेजी लाने की मांग की गई। व्यापारियों ने कहा कि रामायण वाटिका के शुरू होने में पहले ही काफी विलंब हो चुका है, जिससे लोगों का रुझान भी धीरे-धीरे कम हो रहा है।
प्रवेश द्वारों पर फसाड लाइट लगाने का सुझाव
व्यापारियों ने कहा कि बीडीए ने बरेली के प्रमुख प्रवेश द्वारों को आकर्षक ढंग से विकसित और सजाया है, लेकिन रात में पर्याप्त रोशनी न होने के कारण उनकी सुंदरता पूरी तरह नजर नहीं आती। प्रवेश द्वारों पर फसाड लाइट लगाकर रात के समय उन्हें रोशन करने का सुझाव दिया गया, ताकि बाहर से आने वाले लोगों को शहर में प्रवेश करते समय बरेली की भव्यता और सुंदरता दिखाई दे।
व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि बीडीए उपाध्यक्ष के मार्गदर्शन में इन सुझावों पर कार्रवाई होगी और शहर विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
शिष्टमंडल में महानगर अध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता, महानगर महामंत्री राजेश जसोरिया, महानगर कोषाध्यक्ष संजीव चान्दना, महानगर चेयरमैन दर्शन लाल भाटिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दुर्गेश खटवानी, अवधेश अग्रवाल डब्बू, कैलाश मित्तल, गिरधारी देवनानी, मुकेश खटवानी आदि शामिल रहे।
Bareilly news Live
Bareilly, Bareilly | Sep 26, 2026