बिहार का लोकप्रिय महापर्व छठ पूजा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आस्था, विश्वास, त्याग, अनुशासन और सामाजिक एकजुटता की ऐसी परंपरा है, जिसमें पूरा समाज एक साथ नजर आता है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व का समापन मोकामा में श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण के बीच हुआ। उगते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते ही व्रतियों ने छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मोकामा के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि पूरा इलाका छठी मइया के जयकारों और पारंपरिक गीतों से गूंज उठा।
मोकामा की सुबह कुछ अलग ही तस्वीर लेकर आई। कोई सिर पर दउरा लेकर घाट की ओर बढ़ रहा था, तो कोई हाथों में पूजन सामग्री लिए अपने परिवार के साथ सूर्यदेव की उपासना में लीन था। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर चेहरे पर उत्साह और श्रद्धा दिखाई दे रही थी। घाटों पर उमड़ी भीड़ के बीच आस्था के साथ अनुशासन भी देखने को मिला। नगर परिषद की ओर से घाटों की साफ-सफाई, रोशनी और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की गई थीं। वहीं स्थानीय प्रशासन की निगरानी और सुरक्षा इंतजामों के बीच सभी धार्मिक अनुष्ठान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए।
लेकिन छठ की असली खूबसूरती केवल घाटों पर होने वाली पूजा तक सीमित नहीं रही। इस पर्व ने एक बार फिर दिखाया कि बिहार की मिट्टी में सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना कितनी गहराई से जुड़ी हुई है। मोकामा की गलियों से लेकर गंगा किनारे तक जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद, खाद्य सामग्री और पेय पदार्थों की व्यवस्था की गई। किसी ने फल बांटे, किसी ने प्रसाद वितरित किया, तो किसी ने अपने स्तर से व्रतियों और श्रद्धालुओं की सेवा में योगदान दिया।
इसी कड़ी में मोकामा के महादेव स्थान घाट पर युवाओं और समाजसेवियों ने सेवा की ऐसी पहल की, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। सुबह-सुबह घाट पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए चाय और बिस्कुट वितरण की विशेष व्यवस्था की गई। इस सेवा कार्य में कन्हैया मिश्रा, गोविंद सिंह, सुजल गौतम, पीयूष गौतम, गुड्डू कुमार और सूरज कुमार सहित कई लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी ने मिलकर श्रद्धालुओं के बीच चाय और बिस्कुट वितरित किया। खास बात यह रही कि यह व्यवस्था कुछ देर की औपचारिकता बनकर नहीं रह गई, बल्कि जब तक छठ व्रती माताएं और बहनें पूजा संपन्न कर अपने घरों की ओर वापस नहीं लौट गईं, तब तक सेवा का यह सिलसिला लगातार चलता रहा।
घाट पर पहुंचने वाले हर श्रद्धालु का सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। किसी को चाय दी गई, तो किसी को बिस्कुट देकर उनकी थकान कम करने की कोशिश की गई। इस दौरान सेवा में जुटे युवाओं के चेहरों पर उत्साह और संतोष साफ दिखाई दे रहा था। बिना किसी दिखावे और भेदभाव के की गई इस पहल ने यह संदेश दिया कि पर्व की सार्थकता केवल अपनी पूजा करने में नहीं, बल्कि दूसरों की सुविधा और जरूरत का ख्याल रखने में भी है।
इस अवसर पर सविता सिंह जी ने भी अपना योगदान दिया और लोक आस्था, श्रद्धा तथा सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठी मैया और भगवान सूर्यदेव की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे। सभी व्रतियों की मनोकामनाएं पूर्ण हों और प्रत्येक परिवार में सदैव खुशियों का वास रहे। मोकामा में छठ का यह आयोजन एक बार फिर बता गया कि समाज की पहचान केवल बड़े आयोजनों और दावों से नहीं, बल्कि जरूरत के समय एक-दूसरे के साथ खड़े होने से बनती है। गंगा घाटों पर उमड़ी आस्था और महादेव स्थान पर युवाओं की सेवा ने इस महापर्व की यादों को और भी खास बना दिया।
#छठ_महापर्व #महापर्व_छठ #MokamaVidhanSabha #मोकामा
Mokameh, Patna | Nov 16, 2026