मोकामा में जलजमाव से नारकीय जीवन: आक्रोशित लोगों ने सड़क पर धान रोपकर दर्ज कराया विरोध
मोकामा। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से मोकामा नगर परिषद क्षेत्र के गुरुदेव टोला (वार्ड संख्या 1 और 2) की स्थिति अत्यंत चिंताजनक हो गई है। सड़कों और गलियों में घुटने भर पानी जमा हो जाने से यहाँ की आधी आबादी नारकीय जीवन जीने को मजबूर है।
आवागमन की कोई वैकल्पिक व्यवस्था न होने पर ग्रामीणों ने लकड़ी और बांस का अस्थायी 'चचरी पुल' बनाकर आने-जाने का जुगाड़ निकाला है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जलजमाव के कारण बच्चों का स्कूल जाना ठप हो गया है और मरीजों को अस्पताल ले जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जमा पानी में जहरीले कीड़े-मकोड़े, करंट लगने के खतरे के साथ-साथ डेंगू और डायरिया जैसी बीमारियों का डर सता रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि नगर परिषद में बार-बार गुहार लगाने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पूरे नगर परिषद क्षेत्र में बुडको (BUDCO) द्वारा लगभग ₹50 करोड़ की लागत से नाला निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन लगभग हर वार्ड में काम अधूरा छोड़ दिए जाने के कारण जलभराव की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
अनोखा विरोध: जलजमाव और प्रशासनिक उदासीनता से तंग आकर गुरुवार को वार्ड पार्षद हरेकृष्ण और रवि भारद्वाज के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जलजमाव वाली सड़क पर धान रोपकर अपना विरोध जताया। इस प्रदर्शन में समाजसेवी छितेंद्र कुमार सिंह और पप्पू मिस्त्री समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
मामले पर नगर परिषद के अधिकारी संतोष रजक ने बताया कि बुडको के अभियंताओं (Engineers) से बात की गई है। अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिया गया है कि 3 से 4 दिनों के भीतर अधूरे नालों की समस्या को दुरुस्त कर जल निकासी की व्यवस्था कर दी जाएगी।
#Mokama #AnantSingh #विभाग
Janta ki awaj जनता की आवाज
Mokameh, Patna | Aug 6, 2026