19 अगस्त 2026 को श्री जाहरवीर गोगा जी महाराज की गोगामेढ़ी के मेले का शुभारंभ किया गया। सुबह करीब 10 बजे ग्राम प्रधान मास्टर लोकेश पुंडीर, बृजेश पुंडीर, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता राकेश कुमार पुंडीर, राकेश कश्यप सहित गांव के गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया।
मेले के उद्घाटन के दौरान गोगामेढ़ी के पुजारी कृपाल ने उपस्थित लोगों को रोली-चंदन का तिलक लगाया। इस दौरान ग्राम प्रधान लोकेश पुंडीर ने पुजारी को दक्षिणा स्वरूप दान राशि भेंट की। इसके बाद सभी ने श्री जाहरवीर गोगा जी महाराज की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।
सुबह से ही गोगामेढ़ी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने गोगामेढ़ी पर प्रसाद चढ़ाया। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन और प्रसाद चढ़ाने के लिए पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं में श्री जाहरवीर गोगा जी महाराज के प्रति गहरी आस्था देखने को मिली और मेले में पूरे दिन चहल-पहल बनी रही।
रंग-बिरंगी सजावट बनी आकर्षण का केंद्र
गोगामेढ़ी को रंग-बिरंगे गुब्बारों, आकर्षक झालरों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। सजावट के चलते गोगामेढ़ी परिसर का नजारा आकर्षक नजर आ रहा है। आसपास साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानों के साथ प्रसाद और अन्य सामान की दुकानें भी सजी हुई हैं। श्रद्धालु बाबा को प्रसाद चढ़ाने के साथ-साथ मेले में खरीदारी करते हुए नजर आए।
बच्चों के लिए झूले और मिकी माउस बना आकर्षण
मेले में बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए हैं। सुबह से ही बच्चे झूलों का आनंद लेते दिखाई दिए। वहीं मिकी माउस बच्चों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। मेले में जगह-जगह सजी दुकानें और रंग-बिरंगी सजावट मेले की रौनक बढ़ा रही हैं।
काफी समय से गांव बिरालसी में हर वर्ष श्री जाहरवीर गोगा जी महाराज की गोगामेढ़ी पर मेले का आयोजन किया जाता रहा है। इस वर्ष भी श्रद्धालुओं में मेले को लेकर उत्साह देखने को मिला।
ये लोग रहे मौजूद
मेले के उद्घाटन के अवसर पर वर्तमान ग्राम प्रधान बिरालसी मास्टर लोकेश पुंडीर, बृजेश पुंडीर, राकेश कुमार पुंडीर (भाजपा वरिष्ठ कार्यकर्ता), रोशन डेरी वाला, राकेश कश्यप, सुधीर गहलोत तथा कृपाल पुजारी गोगामेढ़ी बिरालसी सहित अन्य ग्रामीण और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट: अनिल पुंडीर, NHP भारत NEWS, चरथावल, मुजफ्फरनगर
.
.
.
.
#JaharveerGogaJi #GogaJiMaharaj #GogaMehdi #GogaMehdiMela #Biralsi #Charthawal
Fatehabad, Agra | Sep 20, 2026