न्यूज़ देशआदेश कर्मचारी संघ का धरना जारी, पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच मतभेद
देशआदेश | पांवटा साहिब
दी ज्योति सहकारी गैर कृषि बचत एवं ऋण सभा समिति लिमिटेड, पांवटा साहिब में कर्मचारियों द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 28 जुलाई से 31 जुलाई तक धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है।
कर्मचारी संघ ने प्रबंधन समिति के कुछ निर्णयों पर सवाल उठाते हुए उन्हें वापस लेने की मांग की है।
इस बीच समिति के प्रधान नरेश खापड़ा ने कर्मचारी संघ के आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि पदोन्नति का निर्णय सभी कर्मचारियों के साथ पारदर्शिता एवं आपसी बैठक के बाद लिया गया था। उन्होंने बताया कि इस निर्णय से कुछ कर्मचारी संतुष्ट हैं, जबकि कुछ कर्मचारियों ने असहमति जताई है।
नरेश खापड़ा ने कहा कि प्रबंधन समिति ने सभी नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करते हुए निर्णय लिया है तथा समिति कर्मचारियों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उधर, कर्मचारी संघ अपनी मांगों को लेकर आंदोलन पर अडिग है। संघ का कहना है कि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई होने तक उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।