कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह की अध्यक्षता में सीएम हेल्पलाइन एवं सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों संबंधी बैठक आयोजित*
---
*जनविश्वास अभियान अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण की विभागवार एवं विकासखंडवार हुई समीक्षा*
---
*जिले में लगभग 4 लाख 55 हजार हितग्राही अपने-अपने घरों पर करेंगे दीप प्रज्ज्वलित*
---
उज्जैन, 12 सितम्बर 2026/ कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में सीएम हेल्पलाइन एवं सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों संबंधी बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की विभागवार एवं विकासखंडवार समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री सिंह ने सभी विभागों से लंबित शिकायतों के निराकरण की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि शिकायतों का शीघ्र एवं संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को स्वयं देखें और केवल ऑपरेटर के भरोसे नहीं रहें। शिकायतों के निराकरण की गुणवत्ता एवं संतुष्टि स्तर पर विशेष ध्यान दिया जाए।
कलेक्टर श्री सिंह ने जनविश्वास अभियान में अपेक्षित प्रगति नहीं करने वाले अधिकारियों को चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व समीक्षा बैठक से अब तक जिन विभागों द्वारा कोई प्रगति नहीं की गई है, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। लक्ष्य के अनुरूप शिकायतों का निराकरण नहीं करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए। किसी भी आवेदन के निराकरण के लिए अंतिम दिन का इंतजार न करें। समय-सीमा में कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
*सेवा संकल्प अभियान के लिए विभागों ने प्रस्तुत की कार्ययोजना*
बैठक में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी विभागों से अभियान के दौरान आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं एवं शासन के विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में भी मदद मिलेगी। अभियान के अंतर्गत जिला स्तर से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का कैलेंडर तैयार कर उसके अनुरूप कार्ययोजना बनाकर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पूरे जिले में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया जाएगा। सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र में वृक्षारोपण के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी जनपदों एवं विभागों को आपसी समन्वय से अभियान को सफल बनाने के लिए कार्य करने को कहा।
बैठक में बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर जन-जागरूकता शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। साथ ही बताया गया कि आशीर्वाद का दिया गतिविधि के अंतर्गत 17 सितम्बर को श्री महाकाल लोक में 25 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही जिले के सभी जनपदों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर वृहद स्तर पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में बताया गया कि जिले में लगभग 4 लाख 55 हजार हितग्राही अपने-अपने घरों पर दीप प्रज्ज्वलित करेंगे। कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित निर्देशों के अनुरूप आवश्यक तैयारियां एवं कार्ययोजना समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांश कुमाथ, एडीएम श्री शाश्वत शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
Umaria, Madhya Pradesh | Sep 12, 2026