कृषि विकास को गति देने के लिए जिला पदाधिकारी गंभीर, कृषि टास्क फोर्स की बैठक में दिए कई निर्देश।
आज दिनांक 14 जुलाई 2026 को
जिले में कृषि व्यवस्था को सुदृढ़ करने और किसानों की आय व सुविधाओं को बढ़ाने के उद्देश्य से समाहरणालय शेखपुरा स्थित मंथन सभागार में जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद की अध्यक्षता में 'कृषि टास्क फोर्स' की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला पदाधिकारी ने कृषि, सिंचाई और पशुपालन, मत्स्य और गव्य विकास से जुड़ी योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की और संबंधित पदाधिकारियों को लंबित योजनाओं को ससमय कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि
किसानों को समय पर कृषि इनपुट उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। जिलापदाधिकारी महोदय ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले के सभी योग्य किसानों के बीच शत-प्रतिशत बीजों का वितरण समय पर सुनिश्चित किया जाए। योग्य किसानो को किसान समान्निधि का लाभ दिलाने हेतु निर्देशित किए। योग्य किसानों को बिना किसी परेशानी के उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराई जाए और खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। खेतों की सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की बात कही गई। जिले के पारंपरिक जल स्रोतों, जैसे आहर और पइन के जीर्णोद्धार कार्य में तेजी लाने और ससमय अपूर्ण कार्य को पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया ताकि जल संचयन और सिंचाई बेहतर ढंग से हो सके। सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिले के 29 नलकूपों के जीर्णोद्धार/निर्माण के लिए जल्द से जल्द डीपीआर संबंधित पदाधिकारियों को तैयार करने का भी निर्देश दिया गया।
सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए शत-प्रतिशत किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। मृदा स्वास्थ्य कार्ड किसानों को उनकी जमीन की मिट्टी की गुणवत्ता के अनुसार वैज्ञानिक तरीके से खेती करने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु मृदा स्वास्थ्य कार्ड का लाभ दिलाने का निर्देश दिया गया।जिलें में प्याज उत्पादक किसानों को उनकी फसल का सही मूल्य मिल सके और भंडारण के अभाव में फसल नष्ट न हो, इसके लिए प्याज भंडारण गृह निर्माण हेतु डीपीआर बनाने का भी निर्देश दिया गया। जिला पशुपालन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि वे मवेशियों को पानी पीने में होने वाली असुविधा को दूर करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में नाद (पानी पीने का स्थान) का निर्माण जल्द से जल्द कराएं। बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद ने जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वे केवल जिला स्तर की बैठकों पर निर्भर न रहें, बल्कि अपने स्तर से भी लगातार प्रखंडवार योजनाओं की गहन समीक्षा करें और धरातल पर जाकर निरीक्षण करें। इस समीक्षा बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी,जिला गव्य विकास पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के प्रखंड कृषि पदाधिकारी सहित कृषि व संबंधित विभागों के कई अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी और कर्मी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
Sheikhpura, Sheikhpura | Jul 14, 2026