सड़क हादसे में अंजली कुमारी की मौत पर भाकपा-माले की टीम ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, NHAI व डीएम को सौंपेंगे मांग पत्र।
#दलसिंहसराय के एनएच-28 स्थित डैनी चौक एवं पगड़ा चौक पर विगत दिनों हुए भीषण सड़क हादसे में मृतका अंजली कुमारी के पीड़ित परिवार से आज भाकपा-माले प्रखंड सचिव उदय कुमार के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने उनके निवास स्थान पर मुलाकात की।
भाकपा-माले नेताओं ने अंजली के पीड़ित पिता उमेश महतो एवं उनके परिजनों से मिलकर गहरा शोक व्यक्त किया और इस दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार को हर संभव कानूनी मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
मुलाकात के बाद प्रखंड सचिव उदय कुमार ने कहा कि एनएच-28 डैनीक चौक एवं पगड़ा चौक पर आए दिन हो रही दुर्घटनाएं प्रशासन की घोर लापरवाही का नतीजा हैं। चौक पर सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं होने के कारण मासूम लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है।
भाकपा-माले जल्द ही जिलाधिकारी (डीएम) समस्तीपुर एवं NHAI (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) के अधिकारियों को एक मांग पत्र सौंपेगी।
मुख्य मांगें:
ट्रैफिक सिग्नल व लाइट: दैनिक चौक पर अविलंब ट्रैफिक सिग्नल (सांकेतिक लाइट) और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाए।
ट्रैफिक गार्ड की तैनाती: भीड़भाड़ और तेज रफ्तार को नियंत्रित करने के लिए चौक पर स्थायी ट्रैफिक गार्ड तैनात किए जाएं।
सुरक्षा उपाय: स्पीड ब्रेकर, साईन बोर्ड और अन्य आवश्यक सड़क सुरक्षा इंतजाम तत्काल बहाल किए जाएं।
मुआवजा: मृतका अंजली कुमारी के पीड़ित परिवार को उचित कानूनी व सरकारी आर्थिक मुआवजा दिया जाए।
भाकपा-माले चेतावनी देती है कि यदि एनएच-28 पर सुरक्षा व्यवस्था जल्द से जल्द दुरुस्त नहीं की गई, तो पार्टी आम जनता को साथ लेकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। कोशर अख्तर खलील, अर्जुन राम, विकास कुमार, पंकज निरंजन महतो, गणेश कुमार, चंदन कुमार महतो इत्यादि मौजूद रहे।
Dalsinghsarai, Samastipur | Sep 17, 2026