20वें वर्ष में प्रवेश पर आभार संदेश
सर्वप्रथम मैं अपने आराध्य इष्टदेव श्री हुरंग नारायण जी को शत-शत नमन करता हूँ, जिनकी असीम कृपा, आशीर्वाद एवं आज्ञा से अमर ज्वाला साप्ताहिक समाचार पत्र का यह सफर प्रारम्भ हुआ और आज, 19 जून 2026 को हम सफलता के साथ 19 वर्ष पूर्ण कर 20वें वर्ष में प्रवेश कर चुके हैं।
यह केवल एक समाचार पत्र का सफर नहीं, बल्कि सत्य, निष्पक्षता, निर्भीकता और जनसेवा के प्रति समर्पण की एक सतत यात्रा रही है। सीमित संसाधनों के बावजूद अमर ज्वाला ने यह सिद्ध किया है कि यदि किसी लक्ष्य को पूरी ईमानदारी, कड़ी मेहनत, निष्ठा और शिद्दत के साथ अपनाया जाए तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।
इन दो दशकों के दौरान समाचारों के माध्यम से समाज के अनेक जरूरतमंद लोगों की आवाज बनने, उनके सुख-दुःख में सहभागी बनने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस यात्रा में क्षेत्र के सम्मानित जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों एवं आम जनमानस का स्नेह, सहयोग और आशीर्वाद मिला, जो हमारे लिए किसी अमूल्य धरोहर और खजाने से कम नहीं है।
मैं अमर ज्वाला परिवार, अपने सभी सुधी पाठकों, विज्ञापनदाताओं, शुभचिंतकों तथा उन सभी महानुभावों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने हर परिस्थिति में हमारा मनोबल बढ़ाया और इस बुलंद आवाज को निरंतर बुलंद बनाए रखने में अपना अमूल्य योगदान दिया।
आप सभी के प्रेम, विश्वास और सहयोग से ही यह सफर संभव हो पाया है। आशा है कि आने वाले वर्षों में भी आपका यही स्नेह, आशीर्वाद और विश्वास हमें मिलता रहेगा।
आपका अपना
सुभाष ठाकुर
संपादक
प्रेस क्लब अध्यक्ष मंडी
अमर ज्वाला साप्ताहिक समाचार पत्र
"सत्य, निष्पक्षता और जनहित की बुलंद आवाज"
Mandi, Mandi | Jun 19, 2026