17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक शहर में होंगे जनसेवा कार्यक्रम - सुमन बहमनी
सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान से लेकर स्वच्छता, पौधारोपण, स्वास्थ्य जांच व नशा मुक्ति को लेकर चलेगा अभियान
यमुनानगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर नगर निगम द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत शहर में विभिन्न जनसेवा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। एक माह तक चलने वाले इस अभियान में रक्तदान शिविर, वृद्धाश्रम भ्रमण, पौधारोपण, स्वच्छता ही सेवा अभियान, स्वास्थ्य जांच शिविर, डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति तथा रिवर फ्रंट की सफाई एवं सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न गतिविधियां करवाई जाएंगी। यह जानकारी मेयर सुमन बहमनी व निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने दी।
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रहकर समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा और जनकल्याण से जोड़ने का माध्यम बनेगा। रक्तदान, पौधारोपण और स्वच्छता जैसी गतिविधियों में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित कर शहर को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से अभियान के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि अभियान के तहत निर्धारित सभी गतिविधियों को बेहतर समन्वय के साथ आयोजित किया जाएगा और इसमें अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां निर्धारित समय पर पूरी करने तथा प्रत्येक गतिविधि का उचित दस्तावेजीकरण करने के निर्देश दिए हैं।
----------
रक्तदान से शुरू होगी अभियान की शुरुआत -
नगर निगम के एक्शन प्लान के तहत 17 को रक्तदान शिविर से अभियान की शुरुआत होगी। 17 सितंबर को नेहरू पार्क और 18 सितंबर को जगाधरी नगर निगम कार्यालय में रक्तदान शिविर लगेंगे। 21 सितंबर को रादौर नगर पालिका व 22 सितंबर को साढ़ौरा नगर पालिका में रक्तदान शिविर लगेंगे। इसके बाद 24 सितंबर को वृद्धाश्रम भ्रमण, 25 सितंबर को पौधारोपण, 28 सितंबर को रादौर व साढ़ौरा में पौधारोपण, 29 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा अभियान, 5 अक्टूबर को स्वास्थ्य जांच शिविर, 7 अक्टूबर को डिजिटल साक्षरता और 8 अक्टूबर को साइबर सुरक्षा से संबंधित कार्यक्रम होंगे। 9 अक्टूबर को योग, 12 व 13 अक्टूबर को नशा मुक्ति अभियान तथा 14 से 16 अक्टूबर तक रिवर फ्रंट की सफाई एवं सौंदर्यीकरण के कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। 17 अक्टूबर को भी स्वच्छता ही सेवा अभियान आयोजित किया जाएगा।
फोटो कैप्शन -
सेवा संकल्प अभियान की जानकारी देती मेयर सुमन बहमनी।
जानकारी देते नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद।
Jagadhri, Yamuna Nagar | Sep 14, 2026