➡️ जेएच कॉलेज में तीन दिवसीय जनजातीय गौरव उत्सव के अंतर्गत विविध गतिविधियां आयोजित
➡️ धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, स्वाभिमान और राष्ट्रप्रेम को किया नमन
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस जयवंती हॉक्सर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जेएच कॉलेज बैतूल में प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे के मार्गदर्शन में भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में 14 से 16 नवंबर तक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन उत्साह, उमंग एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। तीन दिवसीय इस आयोजन में विद्यार्थियों ने विविध सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं ललित कला संबंधी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली इतिहास, परंपराओं एवं स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के अतुलनीय योगदान को अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से साकार किया।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस आयोजित शुभारंभ समारोह में भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के संयोजक प्रो. राकेश कुमार पवार ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस, स्वाभिमान, त्याग एवं राष्ट्रप्रेम की अद्वितीय प्रेरणा का स्रोत है। उनका संपूर्ण जीवन हमें व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज एवं राष्ट्र के व्यापक हित में कार्य करने की सीख देता है। आज के युवाओं को उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व से प्रेरणा लेते हुए अपनी ऊर्जा एवं सामर्थ्य का उपयोग समाज के उत्थान, राष्ट्र निर्माण तथा सामाजिक चेतना के प्रसार में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर विशिष्ट वक्ता के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शंकर सातनकर ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के जल, जंगल और जमीन पर अधिकारों की रक्षा के लिए अंग्रेजी शासन के विरुद्ध अदम्य साहस एवं दृढ़ संकल्प के साथ अनवरत संघर्ष किया। उन्होंने जनजातीय समाज को संगठित एवं जागरूक करने के साथ ही उसकी सामाजिक-सांस्कृतिक अस्मिता, स्वाभिमान एवं अधिकारों के संरक्षण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका संघर्ष अन्याय, शोषण एवं दमन के विरुद्ध प्रतिरोध का प्रतीक है, जो वर्तमान पीढ़ी को सामाजिक जागरूकता, आत्मसम्मान एवं राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा।
15 नवंबर को धार जिले के डही में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का सीधा प्रसारण महाविद्यालय में विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों के लिए प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर सभी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए राज्य स्तरीय आयोजन की गतिविधियों एवं संदेशों से स्वयं को जोड़ा।
➡️ सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
जनजातीय गौरव दिवस के अंतर्गत विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता एवं जनजातीय संस्कृति के प्रति अभिरुचि को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक विधाओं के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में पुनेश हिरोदे, तानिष्क चौकीकर, आर्यन धोटे, सुरेन्द्र गंजाम, अंकुश मर्सकोले, दुर्गेश उईके, अरविन्द गंजाम, श्रुति माहोरे, नरगिस, नितिन पवार एवं भुवनेश्वरी आहाके द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष एवं ऐतिहासिक योगदान पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों की इस सशक्त प्रस्तुति ने जनजातीय समाज के अधिकारों, स्वाभिमान एवं स्वतंत्रता के लिए भगवान बिरसा मुंडा द्वारा किए गए संघर्ष को जीवंत रूप में अभिव्यक्त किया। जनजातीय लोकगीत प्रतियोगिता में श्रुति माहोरे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं जनजातीय नृत्य प्रतियोगिता में तानिष्क चौकीकर एवं उनके साथियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक लोकनृत्य को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
साहित्यिक विधाओं के अंतर्गत आदिवासी लोकसंस्कृति पर आधारित प्रश्नमंच प्रतियोगिता में प्रगति रैकवार, सुष्मिता इवने एवं आरती की टीम विजेता रही। इसी क्रम में 'भगवान बिरसा मुंडा : जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के प्रथम प्रखर प्रवक्ता' विषय पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में मानसिंह धुर्वे ने प्रथम, हर्षा मालवीय ने द्वितीय एवं मोनिका परते ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 'भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों का योगदान : विशेष संदर्भ भगवान बिरसा मुंडा' विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग, बलिदान एवं राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को अपने विचारों एवं लेखन के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में बी.एससी. प्रथम वर्ष की छात्रा शीतल यादव ने प्रथम, बी.सी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा वैदेही चौहान ने द्वितीय तथा एम.एससी. प्रथम सेमेस्टर की छात्रा देविका देशमुख ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Tribal Welfare, Madhya Pradesh
Department of Higher Education, Madhya Pradesh
#DhartiAabaBirsaMunda #जनजातीय_गौरव_दिवस
#जनजातीय_गौरव_दिवस_MP
#JanjatiyaGauravDiwas
#JJGD2026
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul
Betul, Madhya Pradesh | Nov 17, 2026