साइबर ठगी के 3.51 लाख रुपये पीड़ितों को वापस कराए
घोसी, नगर कोतवाली, मधुबन और चिरैयाकोट साइबर टीम की कार्रवाई, MRM पोर्टल से मिली रकम
मऊ जिले में साइबर ठगी के शिकार हुए लोगों को राहत देते हुए साइबर पुलिस टीम ने कुल 3 लाख 51 हजार 724 रुपये वापस करा दिए। पुलिस के अनुसार, अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पीड़ितों के खातों से फोन कॉल और मोबाइल हैकिंग के जरिए यूपीआई से धनराशि ठगी गई थी। साइबर पुलिस टीम ने शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई करते हुए MRM पोर्टल के माध्यम से रकम वापस कराई।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। 2 अक्टूबर को घोसी, कोतवाली नगर, मधुबन और चिरैयाकोट थाना क्षेत्र की साइबर पुलिस टीमों ने पीड़ितों की धनराशि वापस कराई।
घोसी थाना क्षेत्र के बड़राव निवासी गिरीश चंद्र राय के खाते से ठगी गई 2 लाख 4 हजार रुपये की पूरी धनराशि वापस कराई गई। इसी तरह कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के अमित कुमार यादव को 20,500 रुपये वापस मिले।
मधुबन थाना क्षेत्र में तीन पीड़ितों की कुल 27,642 रुपये की धनराशि वापस कराई गई। इनमें बेला गदायन पट्टी निवासी प्रशान्त यादव के 14,038 रुपये, धरमपुर विशुनपुर निवासी छठ्ठू यादव के 12 हजार रुपये और पंचमहल दरगाह निवासी मिथिलेश राजभर के 1,604 रुपये शामिल हैं।
वहीं चिरैयाकोट थाना क्षेत्र की पहाड़पुर मिश्रौली निवासी संध्या चौबे की ठगी गई 99,582 रुपये की धनराशि भी वापस कराई गई। पुलिस के अनुसार, साइबर टीमों की त्वरित कार्रवाई से पीड़ितों को उनकी रकम वापस मिल सकी।
पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन ठगी से सावधान रहें। अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और फर्जी कॉल, केवाईसी अपडेट, निवेश, लोन, पार्ट टाइम जॉब या OTP के नाम पर मांगी जाने वाली जानकारी किसी से साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
Maunath Bhanjan, Mau | Oct 2, 2026