आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर लगेगी लगाम, लाहौल-स्पीति में शुरू हुआ ‘एनीमल बर्थ कंट्रोल’ अभियान
केलांग में 24 से 26 अगस्त तक 30 आवारा कुत्तों की नसबंदी का लक्ष्य, उदयपुर में 27 से 29 अगस्त तक चलेगा अभियान
Kullu Times
उपायुक्त लाहौल स्पीति किरण भड़ाना ने आज आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से संचालित ‘एनीमल बर्थ कंट्रोल (ABC) कार्यक्रम’ के तहत छह दिवसीय नसबंदी अभियान का केलांग उपमंडल की ग्राम पंचायत गौशाल में शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जिले में आवारा कुत्तों की अनियंत्रित बढ़ती संख्या चिंता का विषय है। इनके कारण कुत्तों के काटने की घटनाओं तथा रेबीज जैसी घातक बीमारी के फैलने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि ‘एनीमल बर्थ कंट्रोल कार्यक्रम’ आवारा कुत्तों की संख्या को मानवीय एवं वैज्ञानिक तरीके से नियंत्रित करने का प्रभावी उपाय है।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत आवारा कुत्तों को पकड़कर उनकी नसबंदी की जाती है। सर्जरी के बाद उन्हें आवश्यक उपचार एवं एंटी-रेबीज टीकाकरण दिया जाता है तथा स्वस्थ होने के उपरांत उन्हें उसी क्षेत्र में वापस छोड़ा जाता है, जहां से उन्हें पकड़ा गया था। इससे कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने के साथ-साथ रेबीज जैसी बीमारी की रोकथाम में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा इससे सर्दियों के समय कुतों के काटने की घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा।
केलांग में 30 और उदयपुर में 30 कुत्तों की नसबंदी का लक्ष्य
उपनिदेशक पशुपालन विभाग डॉ. पूनम ठाकुर ने बताया कि जिले में आवारा कुत्तों का अनियंत्रित प्रजनन लगातार चिंता का विषय बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि एनीमल बर्थ कंट्रोल कार्यक्रम आवारा कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने बताया कि हाल ही में माननीय सर्वाेच्च न्यायालय द्वारा एनीमल बर्थ कंट्रोल कार्यक्रम-2023 को देशभर में प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा पिछले वर्ष भी 50 आवारा कुत्तों की नसबंदी की गई थी, जबकि जिले में 534 कुत्तों को एंटी-रेबीज टीकाकरण किया गया।
उन्होंने बताया कि वर्तमान अभियान के तहत 24 से 26 अगस्त तक केलांग उपमंडल में 30 आवारा कुत्तों की नसबंदी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके बाद 27 से 29 अगस्त तक उदयपुर उपमंडल में भी 30 आवारा कुत्तों की नसबंदी की जाएगी।
पंचायतों से अभियान में सक्रिय सहयोग का आह्वान
उपायुक्त किरण भड़ाना ने ग्राम पंचायत गौशाल के प्रधान रमेश चंद सहित पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा अभियान के सफल संचालन में दिए जा रहे सक्रिय सहयोग की सराहना की। उन्होंने जिले की अन्य पंचायतों के प्रतिनिधियों से भी आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में विभागीय अधिकारियों एवं टीमों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि अभियान को प्रभावी रूप से सफल बनाया जा सके और आवारा कुत्तों की अनियंत्रित संख्या पर नियंत्रण पाया जा सके।
उपायुक्त ने इस कार्य में सहयोग के लिए मनाली स्थित एनजीओ ‘मनाली स्ट्रेज’ के सदस्यों का भी आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों एवं स्थानीय महिला मंडल की सदस्यों ने उपायुक्त को पारंपरिक टोपी एवं खतक भेंट कर सम्मानित किया तथा अभियान के सफल संचालन के लिए उनके विशेष सहयोग हेतु आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में डॉ. एकता शर्मा, डॉ. सुदर्शन लाल, डॉ. अशमिता, डॉ. मनीषा वर्मा, डॉ. मुकेश सहित पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय महिला मंडल की सदस्याएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
बाक्स : उपायुक्त ने बताया कि इस तरह का कार्यक्रम अक्टूबर माह में भी आयोजित किया जाएगा
Kullu, Kullu | Aug 24, 2026