👉#शिव बड़ा मंदिर में सजीं कृष्ण की मनमोहक झांकियां, आधी रात गूंजे जयकारे
शाहजहांपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर लाल तेली बजरिया स्थित प्राचीन शिव बड़ा मंदिर कृष्ण भक्ति से सराबोर नजर आया। मंदिर में राधा-कृष्ण के झूला झूलते स्वरूप, माखन खाते बाल कृष्ण, यशोदा मैया का वात्सल्य, शिव-पार्वती और देवकी-वसुदेव की आकर्षक झांकियां सजाई गईं। शेषनाग पर विराजमान भगवान श्रीकृष्ण की झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर झांकियों के दर्शन किए और उनकी तस्वीरें मोबाइल में कैद कीं। माखन चोर की मटकी फोड़ने का आयोजन भी हुआ, जिसमें बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कई बच्चे राधा-कृष्ण और बाल गोपाल का रूप धारण कर मंदिर पहुंचे। भजन-कीर्तन और धार्मिक गीतों से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।रात्रि में जन्म मुहूर्त पर विशेष पूजा-अर्चना शुरू हुई। घंटा-घड़ियाल और शंखनाद के बीच भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। पुजारी सुरेश चंद मिश्रा ने विधि-विधान से पूजन और आरती कराई। भगवान के जन्म के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आधी रात को ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा।कार्यक्रम में प्रेमवती मिश्रा, मोनू मिश्रा, चित्रशॅ मिश्रा, नेहा मिश्रा, दिव्यांशी मिश्रा, वर्षा शर्मा, डिंपल शर्मा, लव सक्सेना, कुश सक्सेना, गुड्डे लाइट समिति समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
Shahjahanpur, Shahjahanpur | Sep 5, 2026