NH-5 पर ट्रक पलटा, बाइक सवार घायल
कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हाईवे पर कहीं न कहीं सड़क दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसा ही एक मामला वीरवार को सोलन के सलोगड़ा के समीप पेश आया है यहां सोलन से शिमला की ओर जा रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के दौरान ट्रक की चपेट में एक बाइक भी आ गई, जिससे बाइक सवार घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल बाइक सवार को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। पुलिस द्वारा दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। वहीं, NH-5 पर लगातार हो रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
Solan, Solan | Sep 17, 2026