सुपौल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घर से 43.575 लीटर विदेशी शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
सदर थाना क्षेत्र के नया नगर वार्ड नंबर-13 में गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी, एसपी के निर्देश पर नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार जारी है अभियान
चौथी वाणी सुपौल सवाददाता
सुपौल जिले में नशामुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने और अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए सुपौल पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक सरथ आरएस के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सदर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 43.575 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। वहीं, मौके से एक कथित शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत नया नगर में अवैध विदेशी शराब के कारोबार की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने नया नगर वार्ड संख्या-13 निवासी संजय कुमार (करीब 40 वर्ष), पिता रामजी प्रसाद सिंह के घर पर छापेमारी की।
इस दौरान पुलिस ने घर की तलाशी ली, जिसमें कुल 43.575 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने संजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार व्यक्ति नया नगर वार्ड संख्या-13, थाना एवं जिला सुपौल का निवासी बताया गया है।
इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत कांड दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में नशामुक्ति और अवैध शराब के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Supaul, Supaul | Nov 13, 2026