*बस्ती: ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने पर वेतन से रिकवरी के आदेश के विरोध में जूनियर इंजीनियर्स का मुख्य अभियंता कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन*
जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 11 सितंबर 2026
राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन के बैनर तले आज तीनों जनपदों - बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर के सैकड़ों अवर अभियंताओं ने मुख्य अभियंता कार्यालय बस्ती के समक्ष ध्यानाकर्षण कार्यक्रम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
संगठन का आरोप है कि बिना संसाधन उपलब्ध कराए ट्रांसफार्मर जलने पर सीधे अवर अभियंताओं के वेतन से हजारों रुपये की रिकवरी की जा रही है, जिससे पूरे परिक्षेत्र के अभियंताओं में भारी आक्रोश है।
*संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि -*
लंबे समय से ट्रांसफार्मर के लिए जरूरी न्यूनतम सामग्री जैसे फ्यूज वायर, लग, एलटी लीड, बुशिंग रॉड की संगठन लगातार मांग कर रहा है, लेकिन विभाग में इन अति आवश्यक सामग्रियों का घोर अभाव है। प्रबंधन का दावा है कि स्थानीय स्तर पर सामग्री के लिए बजट दे दिया गया है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते उपभोक्ता और लोड का सारा बोझ ट्रांसफार्मरों पर पड़ रहा है, जिसके सापेक्ष महज 3 से 4 प्रतिशत ही क्षमता वृद्धि की जा रही है। वहीं नई व्यवस्था के तहत सभी उपकेंद्रों पर मानव संसाधन कम कर दिए गए हैं, जिससे लाइन और ट्रांसफार्मर की मरम्मत बुरी तरह प्रभावित हुई है। अनुरक्षण माह में भी कार्यदायी संस्था और सामग्री की कोई व्यवस्था नहीं दी जा रही है, जबकि शासन का स्पष्ट आदेश है कि इसकी व्यवस्था स्थानीय स्तर पर की जाए।
*बस्ती जनपद में इन अभियंताओं के वेतन से कटौती का आदेश जारी हुआ है -*
अवनीश गुप्ता (बनकटी) - ₹12900, मनोज कुमार (महसो) - ₹6000, अमित श्रीवास्तव (कलवारी) - ₹8190, मोहम्मद नादिर (मुंडेरवा) - ₹5300, चंद्रिका प्रसाद (हरैया ग्रामीण) - ₹25053, संजीव कुमार (हरैया) - ₹17336
*संतकबीरनगर में -*
चंद्र भूषण (हरिहरपुर) - ₹13547, अजय चौरसिया (कुशहरा) - ₹14806, अशोक पटेल (सरवाडी) - ₹16000, फरमान अली (खलीलाबाद ग्रामीण) - ₹41774, गणेश मिश्रा (मेहदावल ग्रामीण) - ₹21726, दुर्गेश पटेल (बनौती) - ₹5385
*सिद्धार्थनगर में -* सिद्धार्थनगर के अवर अभियंता से ₹22000 और संदीप कुमार (ककरहवा) से ₹2678 की रिकवरी का आदेश जारी किया गया है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि यह तुगलकी फरमान वापस नहीं लिया गया और सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई, तो तीनों जनपदों के अवर अभियंता कार्य बहिष्कार करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी। विरोध कार्यक्रम में तीनों जनपदों के अध्यक्ष, सचिव, बस्ती क्षेत्र के अध्यक्ष, सचिव समेत सभी अवर अभियंता मौजूद रहे।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Sep 11, 2026