अमृत भारत स्टेशन योजना से बदली साँची रेलवे स्टेशन की तस्वीर, 15.32 करोड़ की लागत से हुआ आधुनिकीकरण
अनोखा तीर, भोपाल। विश्व धरोहर साँची स्तूप के प्रमुख प्रवेश द्वार के रूप में पहचाने जाने वाले साँची रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 15.32 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प किया गया है। आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक स्वरूप से सुसज्जित यह स्टेशन अब यात्रियों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों का बेहतर स्वागत करेगा।
पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल अंतर्गत आने वाले एनएसजी-4 श्रेणी के इस स्टेशन पर आधुनिक स्टेशन भवन, विस्तारित प्लेटफॉर्म शेड, बेहतर बैठने की व्यवस्था, उच्च गुणवत्ता वाली प्लेटफॉर्म सतह, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, कोच पोजिशन डिस्प्ले बोर्ड और अत्याधुनिक पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
स्टेशन परिसर के सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण, पार्किंग व्यवस्था का विस्तार, आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय और शुद्ध पेयजल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए रैंप, टैक्टाइल पाथ सहित आवश्यक सुगम्यता सुविधाएं विकसित की गई हैं। सुरक्षा और ऊर्जा बचत को ध्यान में रखते हुए पूरे स्टेशन परिसर में एलईडी प्रकाश व्यवस्था स्थापित की गई है।
रेलवे के अनुसार, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित साँची रेलवे स्टेशन न केवल यात्रियों को आधुनिक और सुविधाजनक यात्रा अनुभव देगा, बल्कि विश्व धरोहर साँची आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षक प्रवेश द्वार बनेगा। इससे क्षेत्र के पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
Harda, Harda | Jul 14, 2026