लाइब्रेरी सुविधा में देरी पर विधायक गोकुल सेतिया ने एसडीओ से मांगा स्पष्टीकरण
सिरसा।
गांवों में बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के मुद्दे पर सिरसा विधायक गोकुल सेतिया ने पंचायती राज विभाग के एसडीओ से जवाब तलब किया है। विधायक ने यह कार्रवाई अपने जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान आई शिकायत पर संज्ञान लेते हुए की। शिकायत में ग्रामीणों ने बताया कि करीब साढ़े तीन महीने पहले पंचायती राज विभाग के एसडीओ विपिन विधायक के साथ गांव के दौरे पर गए थे। इस दौरान ग्रामीणों ने बच्चों की पढ़ाई के लिए लाइब्रेरी का सामान उपलब्ध करवाने की मांग रखी थी। ग्रामीणों का कहना था कि यह सुविधा सरकार की ओर से उपलब्ध करवाई जाती है, लेकिन अभी तक सामान नहीं पहुंचा है।
विधायक गोकुल सेतिया ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी को यह जानकारी तक नहीं है कि लाइब्रेरी का सामान क्यों नहीं आया, कहां अड़चन है और यह सुविधा कब तक उपलब्ध होगी। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकारी योजनाओं का लाभ जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है तो इसके लिए जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। विधायक ने शिकायत पर तुरंत एसडीओ पंचायती राज को फोन कर स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए। एसडीओ ने जवाब देते हुए कहा कि वह शाम को विधायक से मिलकर पूरी स्थिति की जानकारी देंगे। विधायक ने कहा कि सरकार की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ धरातल तक पहुंचना चाहिए। अधिकारियों की लापरवाही के कारण यदि जनता को परेशानी होती है तो इस मामले को गंभीरता से लिया जाएगा।
Sirsa, Sirsa | Jul 14, 2026