*2027 में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की 45 सीटों पर जीत का लक्ष्य : राजेश सिंह जनसेवक*
यूपी हेड नागेन्द्र पांडे
जिला ब्यूरो अजय श्रीवास्तव
फतेहपुर यूपी । भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के नवनिर्वाचित प्रांतीय महामंत्री राजेश सिंह जनसेवक एवं उपाध्यक्ष के जनपद में प्रथम आगमन पर भाजपाइयों ने जोरदार स्वागत किया। सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता जुलूस के रूप में शहर में निकले । इस दौरान जगह जगह कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत कर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का अभिनंदन किया।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान नवनिर्वाचित क्षेत्रीय महामंत्री राजेश सिंह जनसेवक ने कहा कि पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वह पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र की सभी 45 विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठन को मजबूत करने का काम किया जाएगा और 2027 में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी । विपक्ष द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर किए जा रहे हमलों पर उन्होंने कहा कि भाजपा निष्पक्ष चुनाव के पक्ष में है और पार्टी लगातार चुनाव जीत रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह बौखलाहट में अनर्गल आरोप लगा रहा है।
उन्होंने कहा कि कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनका मुख्य लक्ष्य संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करना है। कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर आगामी विधानसभा चुनाव में क्षेत्र की सभी 45 सीटों पर भाजपा की जीत के लिए पूरी ताकत से काम किया जाएगा । वहीं पार्टी के अंदर चल रही कथित कलह को लेकर पूछे गए सवाल पर राजेश सिंह जनसेवक ने कहा कि जिले में भाजपा के अंदर किसी तरह की कोई कलह नहीं है। सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का एक ही विजन है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को मजबूत करते हुए दोबारा सत्ता में लाया जाए।