आज दिनांक 04.08.2026 को समाहरणालय, रोहतास स्थित डीआरडीए सभागार में जिला पदाधिकारी श्री दीपक कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री रौशन कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में चेहल्लुम पर्व-2026 को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शांति समिति के सदस्यों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में चेहल्लुम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी तथा प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने नगर निगम, सासाराम को शहर में स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सभी चेहल्लुम जुलूस निर्धारित समय एवं पूर्व निर्धारित मार्ग से ही निकाले जाएंगे। बिना सक्षम पदाधिकारी की अनुमति के ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि सासाराम शहर में चेहल्लुम जुलूस के लिए दिन में 11:00 बजे से 2:00 बजे तक तथा रात्रि में 9:00 बजे से 1:00 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि सभी चिन्हित एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
चेहल्लुम पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की सूचना अथवा सहायता के लिए समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। आमजन नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06184-226072 एवं 06184-226093 पर संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को दें तथा चेहल्लुम पर्व को शांति, सद्भाव और आपसी सहयोग के साथ संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
#IPRD
#Rohtas
#Chehallum2026
#PeaceCommittee
#DistrictAdministration
Home Department, Govt. of Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Aug 4, 2026