जालोर में सड़क बनी परेशानी, लोगों ने किया विरोध : बोले- कंक्रीट लगने से दुपहिया वाहन सवार हो रहे चोटिल। जालोर शहर के हरिदेव जोशी सर्कल पर सड़क मरम्मत के लिए डाली गई कंकरीट लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। कंकरीट डालने के बाद सड़क को उसी हालत में छोड़ दिए जाने से दुपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। वहीं, वाहनों के टायरों से कंकरीट उछलकर अन्य वाहनों से टकराने के कारण उनके शीशे टूटने की शिकायतें भी सामने आई हैं। इस समस्या से नाराज शहरवासियों और टैक्सी चालक यूनियन ने सोमवार की देर शाम करीब 6.30 बजे सड़क पर करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन कर विरोध जताया। पुलिस ने लोगों से समझाइश कर मामला शांत करवाया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मंगलवार तक सड़क की समस्या का समाधान कर मरम्मत का कार्य पूरा नहीं किया गया तो सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
Jalor, Jalor | Aug 25, 2026