समस्तीपुर जिले के सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जितवारपुर कुम्हिरा पंचायत में नदी पर बना पुल पिछले छह महीनों से तैयार खड़ा है, लेकिन अब तक संपर्क सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को पुल का लाभ नहीं मिल पा रहा है और करोड़ों रुपये की लागत से बना पुल उपयोग से वंचित है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुल बनने से आवागमन सुगम होने की उम्मीद थी, लेकिन संपर्क मार्ग के अभाव में उनकी समस्या जस की तस बनी हुई है। हैरानी की बात यह है कि नए पुल से करीब 200 मीटर की दूरी पर पहले से ही एक अन्य पुल मौजूद है, जिससे निर्माण की उपयोगिता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है, ताकि पुल का लाभ आम जनता तक पहुंच सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द पहल नहीं हुई तो करोड़ों रुपये की यह परियोजना केवल दिखावा बनकर रह जाएगी।
Samastipur, Samastipur | Jun 15, 2026