ग्रेटर नोएडा की एक और बेटी की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। दिल्ली के कल्याणपुरी थाना क्षेत्र में दिल्ली पुलिस के एक सिपाही पर अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है। मृतका के परिजनों का आरोप है कि यह दहेज के लिए की गई हत्या है। मामले में दिल्ली पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गम में डूबा यह परिवार ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र के सादोपुर गांव का है। मृतका प्रियंका के परिजनों का आरोप है कि उसकी शादी फरवरी 2022 में दिल्ली पुलिस के सिपाही मनीष भाटी, निवासी सलेमपुर, ग्रेटर नोएडा से हुई थी। परिवार का कहना है कि शादी के समय 25 लाख रुपये की मांग की गई थी। उन्होंने करीब 15 लाख रुपये खर्च किए, लेकिन इसके बावजूद दहेज की मांग और प्रताड़ना का सिलसिला नहीं रुका।
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद प्रियंका को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था। छोटी-छोटी बातों पर विवाद होता था और दहेज को लेकर दबाव बनाया जाता था। प्रियंका पढ़ी-लिखी थी, उसने बीएड किया था और दिल्ली के एक निजी स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थी। परिवार के अन्य सदस्य भी सरकारी सेवाओं और शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हैं।
परिवार का आरोप है कि दो दिन पहले प्रियंका का जन्मदिन था, लेकिन पति ने उसे शुभकामनाएं तक नहीं दीं। आरोप है कि उसी रात उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद इलाज के बहाने आरोपी उसे स्कूटी पर बैठाकर ले गया और रास्ते में गोली मारकर फरार हो गया। राह से गुजर रहे एक डिलीवरी बॉय ने पुलिस को सूचना दी और प्रियंका को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के परिजनों की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में जांच पूरी होने के बाद ही घटना की परिस्थितियां और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी।
Gautam Buddha Nagar, Gautam Buddh Nagar | Jul 15, 2026