खाद के टोकन बांटने की नई व्यवस्था से किसान संतुष्ट
ग्राम पंचायत में ही मिल रहा टोकन, मोबाइल पर मिलेगी खाद वितरण की तारीख
कलेक्टर नर्मदापुरम श्री सोमेश मिश्रा एवं जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन के निर्देशानुसार खाद वितरण व्यवस्था को सुगम और पारदर्शी बनाने के लिए शुरू की गई टोकन वितरण की नई हाइब्रिड व्यवस्था से किसानों ने संतुष्टि जताई है।
एसडीएम सिवनी मालवा, तहसीलदार सिवनी मालवा एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत स्तर पर किसानों को खाद प्राप्त करने हेतु टोकन वितरित किए जा रहे हैं। इसके तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत भवन में निर्धारित तिथि पर टोकन दिए जा रहे हैं।
यह कार्य संबंधित ग्राम के पटवारी, पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक के माध्यम से किया जा रहा है। टोकन वितरण की सूचना किसानों को दो दिन पूर्व ही ग्राम में चस्पा कराकर तथा मुनादी के माध्यम से दी जा रही है, ताकि किसान निर्धारित दिन एवं स्थान पर पहुंचकर आसानी से टोकन प्राप्त कर सकें।
इसी क्रम में बुधवार को पटवारी वैभव दुबे, शिवपुर सर्किल एवं पटवारी प्रशांत यादव व पटवारी गौरव शर्मा, खपरिया सर्किल के अंतर्गत आने वाले ग्रामों में किसानों को खाद वितरण हेतु टोकन वितरित किए गए।
इस नई व्यवस्था से किसान काफी संतुष्ट हैं। उन्हें अब खाद का टोकन लेने के लिए अपने ही ग्राम पंचायत भवन पर सुविधा मिल रही है। इससे किसानों को खाद के लिए अनावश्यक रूप से दूर जाने या कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ रही।
टोकन प्राप्त होने के बाद किसानों को खाद प्राप्त करने की निर्धारित तिथि की जानकारी मोबाइल पर संदेश एवं फोन के माध्यम से दी जाएगी, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस ऑनलाइन प्रक्रिया की मॉनिटरिंग Aegm सिवनी मालवा रवि मेहरा द्वारा की जा रही है।
प्रशासन ने बताया कि किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए खाद वितरण की यह व्यवस्था सरल, व्यवस्थित, पारदर्शी एवं किसान हित में संचालित की जा रही है।
#narmadapuram
CM Madhya Pradesh
Dr Mohan Yadav
Jansampark Madhya Pradesh