बाहरी आडंबरों से अलग है दादाजी धूनीवाले धाम, यहां आंतरिक और आध्यात्मिक शक्ति का होता है अनुभव : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
खंडवा दौरे पर दादाजी धूनीवाले धाम पहुंचे मुख्यमंत्री, दर्शन-पूजन कर लिया निर्माण कार्यों का जायजा
दैनिक अनोखा तीर, खंडवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को खंडवा स्थित प्रसिद्ध दादाजी धूनीवाले धाम पहुंचकर बड़े दादाजी एवं छोटे दादाजी की समाधि के दर्शन-पूजन किए। इस दौरान उन्होंने अखंड धूनी में आहुति अर्पित की, टिक्कड़ प्रसाद ग्रहण किया तथा मंदिर के चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया।
दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दादाजी धूनीवाले धाम बाहरी आडंबरों से अलग एक ऐसा आध्यात्मिक केंद्र है, जहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को आंतरिक शक्ति और दिव्य अनुभूति का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि बड़े दादाजी और छोटे दादाजी का यह पावन धाम केवल खंडवा ही नहीं, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश की आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दादाजी धूनीवाले का जीवन जनकल्याण, सर्वधर्म सद्भाव और मानव सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने अपने जीवन में भूखों को भोजन कराने, पीड़ितों की सेवा करने तथा श्रद्धालुओं के कष्टों के निवारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। यही कारण है कि आज भी लाखों श्रद्धालु इस धाम में अटूट श्रद्धा के साथ पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से धाम में चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर विभिन्न प्रकार के मतभेद सामने आए थे, लेकिन राज्य सरकार सभी पक्षों का सम्मान करते हुए समस्याओं का समाधान निकाल रही है। सरकार दादाजी धूनीवाले धाम की गरिमा, परंपरा और मर्यादा को अक्षुण्ण रखते हुए सभी नियमों एवं धार्मिक मान्यताओं का पालन करते हुए इसे भव्य और दिव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि दादाजी धूनीवाले मंदिर का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है और जल्द ही वर्षों से प्रतीक्षित भव्य मंदिर का सपना साकार होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस धार्मिक स्थल के विकास के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी लंबे समय से गुरु पूर्णिमा मेले के दौरान खंडवा आकर दादाजी की समाधि पर दर्शन करने की इच्छा थी, जो अब पूरी हुई है। उन्होंने दादाजी से प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना भी की।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। दर्शन-पूजन के दौरान बड़ी संख्या में भक्त एवं जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
Harda, Harda | Jul 27, 2026