100 फीट गहरे कुएं में गिरे व्यक्ति को 4 घंटे के रेस्क्यू के बाद सुरक्षित निकाला
चित्रकूट, 24 अगस्त। जनपद चित्रकूट के थाना सरधुवा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हकीमपुर में सोमवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब लगभग 100 फीट गहरे कुएं में गिरे एक व्यक्ति को पुलिस, फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से चार घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम हकीमपुर निवासी रामचंद्र प्रजापति (45 वर्ष) खेत के पास स्थित गहरे कुएं में अचानक गिर गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में थाना सरधुवा पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
प्रभारी निरीक्षक सरधुवा अपनी टीम के साथ तथा फायर ब्रिगेड के जवान आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। कुएं की अधिक गहराई और अंदर अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। करीब चार घंटे तक चले अभियान में रस्सी, सीढ़ी और अन्य सुरक्षा उपकरणों की मदद से फायर ब्रिगेड के जवान कुएं में उतरे और सावधानीपूर्वक रामचंद्र प्रजापति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के बाद घायल की हालत गंभीर होने पर पुलिस ने तत्काल 108 एम्बुलेंस के माध्यम से उन्हें जिला अस्पताल कर्वी भेजा, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है।
इस साहसिक और मानवीय कार्य के लिए ग्रामीणों ने चित्रकूट पुलिस एवं फायर ब्रिगेड टीम की सराहना की। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने रेस्क्यू अभियान में शामिल थाना सरधुवा पुलिस, फायर ब्रिगेड टीम और सहयोग करने वाले ग्रामीणों की प्रशंसा करते हुए कहा कि "चित्रकूट पुलिस जनता की सुरक्षा एवं सेवा के लिए सदैव तत्पर है।"
रेस्क्यू टीम में शामिल:
प्रभारी निरीक्षक सरधुवा श्री शिवआसरे एवं पुलिस टीम
फायर ब्रिगेड टीम, चित्रकूट
Karwi, Chitrakoot | Aug 24, 2026