उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला: NEET अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में मिलेगी मुफ्त यात्रा की सुविधा
देहरादून: उत्तराखंड में 21 जून को आयोजित होने वाली NEET (UG) पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए पुष्कर सिंह धामी सरकार ने एक बड़ा और राहत भरा फैसला लिया है। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में छात्रों को किसी भी प्रकार की आर्थिक या यात्रा संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की साधारण श्रेणी की बसों में निशुल्क सफर की घोषणा की गई है।
उत्तराखंड परिवहन निगम की प्रबंधक निदेशक रीना जोशी ने आधिकारिक आदेश जारी करते हुए बताया कि यह विशेष सुविधा केवल उत्तराखंड के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों के लिए ही मान्य होगी। परीक्षार्थियों को बस में सफर के दौरान परिचालक (कंडक्टर) को अपने मोबाइल में एडमिट कार्ड की सॉफ्ट कॉपी या उसकी हार्ड कॉपी दिखानी होगी, जिसे ही पात्रता का मुख्य आधार माना जाएगा।
यह मुफ्त यात्रा सुविधा 19 जून की रात 12 बजे से शुरू होकर 23 जून की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी, ताकि छात्र परीक्षा से दो दिन पहले और दो दिन बाद तक सुगमता से अपने गृह स्थान से परीक्षा केंद्र तक आ-जा सकें।