20 हजार रुपये के विवाद में खूनी संघर्ष, युवक की चाकू मारकर हत्या, बचाने आई मां भी गंभीर घायल...
ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र में महज 20 हजार रुपये के लेनदेन का विवाद खूनी वारदात में बदल गया। हाथी खाना इलाके में दो पड़ोसी परिवारों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गई, जिसमें एक युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आरोपी ने घर से चाकू लाकर युवक पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बेटे को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर एक महिला आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।