बसंत विहार में घर-घर पहुंचा स्वच्छता संदेश, नागरिकों को किया जागरूक
नगर निगम ने वार्ड 5 में चलाया डोर-टू-डोर जागरूकता अभियान
यमुनानगर। नगर निगम द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर वार्ड नंबर-5 के बसंत विहार क्षेत्र में विशेष डोर-टू-डोर जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। मेयर सुमन बहमनी एवं निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के दिशा-निर्देशों पर आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और कचरा प्रबंधन में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
अभियान के दौरान स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के विशेषज्ञ दुर्गेश कुमार ने निगम की विशेष टीम के साथ बसंत विहार क्षेत्र के घर-घर जाकर नागरिकों से सीधा संवाद किया। टीम ने स्थानीय निवासियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के महत्व को समझाते हुए अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का संदेश दिया। नागरिकों को प्रेरित करते हुए विशेषज्ञ दुर्गेश कुमार ने कहा कि स्रोत स्तर (सोर्स सेग्रिगेशन) पर ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को पूरी तरह से बंद करने तथा नगर निगम की डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण गाड़ियों की सेवा का नियमित रूप से उपयोग करने का आग्रह किया। मेयर सुमन बहमनी ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण और जन-जागरूकता को विशेष महत्व दिया जाता है। यह अभियान भी इसी कड़ी का हिस्सा है ताकि शहर में शत-प्रतिशत जनभागीदारी बढ़ाई जा सके और शहर को पूरी तरह स्वच्छ व कचरा-मुक्त बनाया जा सके। स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
फोटो - बसंत विहार में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करती निगम की टीम।
Jagadhri, Yamuna Nagar | Jun 19, 2026