महाकालेश्वर मंदिर मार्ग पर मांस की दुकान की सूचना, बजरंग दल ने कराया बंद; पुलिस से जांच और कार्रवाई की मांग
मुरैना। नंदेपुरा स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर जाने वाले मार्ग पर मंदिर के समीप मांस की दुकान खोले जाने की सूचना मिलने पर रविवार को अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल एवं गौ रक्षा दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने दुकान संचालक से जानकारी ली और मंदिर के समीप इस प्रकार की दुकान संचालित किए जाने पर आपत्ति जताई। इसके बाद दुकान बंद कराई गई तथा पुलिस को सूचना देकर मामले में वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई।
संगठनों के पदाधिकारियों का कहना है कि धार्मिक स्थल के आसपास इस प्रकार की दुकान संचालित होने से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर नियमों के अनुरूप कार्रवाई करने की मांग की।
इसी दौरान गौ रक्षा दल के अध्यक्ष आशीष सिंह सांगोरिया ने सिटी कोतवाली थाना प्रभारी को एक लिखित आवेदन भी सौंपा। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि इटावा निवासी मौलाना जर्जिस अंसानी द्वारा सोशल मीडिया पर भगवान शिव एवं शिवलिंग के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां कर हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत की गई हैं। आवेदन में साइबर सेल से मामले की जांच कर संबंधित व्यक्ति एवं उसके सहयोगियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने तथा कथित सोशल मीडिया चैनलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।
मौके पर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष संजय मिश्रा, जिला महामंत्री देवेंद्र परमार, राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष सूरज मिश्रा, गौ रक्षा दल के विधानसभा अध्यक्ष आशीष सागोरिया, राजन शर्मा, डॉ. दिनेश शर्मा, अजय पंडित, राधे पाराशर, संदीप कुशवाह, अजय भारद्वाज, अमित शर्मा, आदित्य सिकरवार, महेश राठौर, राष्ट्रीय बजरंग दल के नगर सचिव गौरव राजपूत, नगर महामंत्री मोना तोमर, वार्ड अध्यक्ष मन्नू शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पुलिस प्रशासन से मांग की गई है कि धार्मिक स्थल के आसपास यदि किसी प्रकार के नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए। वहीं, सोशल मीडिया से जुड़े आवेदन में लगाए गए आरोपों की भी जांच कर विधि अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।