ई-रिक्शा की बैट्री चोरी का प्रयास, विरोध करने पर महिला से मारपीट और ₹10 हजार छीनने का आरोप
जालौन। आसरा कॉलोनी निवासी एक महिला ने कोतवाली जालौन में प्रार्थना पत्र देकर कुछ लोगों पर उसके विकलांग बेटे के ई-रिक्शा की बैट्री चोरी करने का प्रयास, गाली-गलौज, मारपीट और रुपये छीनने का आरोप लगाया है।
पीड़िता विटौली पत्नी स्व. रामवरन ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसका बेटा सूरज पैर से विकलांग है और ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। आरोप है कि 2 अगस्त की रात करीब 11:40 बजे सूरज सड़क किनारे ई-रिक्शा खड़ा कर सो रहा था। इसी दौरान सलीम पुत्र नपोले, मपोले पुत्र सफीक समेत दो अज्ञात लोग कथित रूप से रिक्शे की बैट्री खोलने का प्रयास कर रहे थे।
शिकायत के मुताबिक, जागने पर सूरज ने विरोध किया तो आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। सूरज ने तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद दोबारा विवाद किया गया।
महिला ने आगे आरोप लगाया कि जब उसका बेटा कोतवाली गया हुआ था, उसी दौरान कुछ लोग घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट की। उसकी नातिन को भी डंडा मारने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता के मुताबिक, आरोपितों ने जातिसूचक टिप्पणी करते हुए कॉलोनी खत्म कराने की धमकी भी दी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसके पास से 10 हजार रुपये छीन लिए गए।
पीड़िता का कहना है कि घटना के दौरान सुनील बाथम, निक्की बाथम और गब्बर सिंह ने उसकी मदद की। महिला ने कोतवाली पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।