बड़वानी जिले के वरला विकासखंड के दूरस्थ क्षेत्रों में नागरिकों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए ग्रीन कमांडो मिशन का किया जाएगा संचालन
..........
कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा सह अंतर्विभागीय समन्वय बैठक संपन्न
बड़वानी 16 नवंबर 2026/भौगोलिक चुनौतियों से परे जिले के दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में बसे नागरिकों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से आगामी 18 नवंबर को वरला विकासखंड के धवली सेक्टर के अंतर्गत आने वाले ग्राम धामन्या, मोहनपुरा, डुबझिरी, धवली, धावड़ा एवं जूनापानी के 51 फलियों में विशेष स्वास्थ्य अभियान ग्रीन कमांडो मिशन संचालित किया जाएगा। अभियान का शुभारंभ 18 नवंबर को प्रातः 6 बजे वीर बलिदानी खाज्या नायक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेंधवा से हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं का पंजीयन, एमसीपी कार्ड वितरण, स्वास्थ्य जांच एवं सुरक्षित प्रसव की सलाह, कुपोषित बच्चों का चिन्हांकन कर एनआरसी केंद्र हेतु मार्गदर्शन, एनसीडी स्क्रीनिंग, सिकल सेल की जांच तथा 4-डी डिफिशिएंसी का चिन्हांकन कर स्वास्थ्य लाभ दिया जाएगा। साथ ही समस्त मैदानी अमले द्वारा डिजिटल गूगल फॉर्म के माध्यम से जानकारी एकत्रित की जाएगी।
इस संबंध में कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि अभियान के तहत जब अमला घर-घर पहुंचे, तो अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हुए नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण भी सुनिश्चित करवाएं।
कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभागृह में आयोजित समय-सीमा सह अंतर्विभागीय समन्वय बैठक में ग्रीन कमांडो मिशन की तैयारियों के साथ-साथ सीएम हेल्पलाइन और विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अर्पित गुप्ता एवं अपर कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी सहित समस्त विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान कलेक्टर श्रीमती सिंह ने नर्मदा परिक्रमा पथ के किनारे निःशुल्क प्याऊ लगवाने के लिए समस्त जनपद सीईओ को निर्देशित किया, वहीं मुख्यमंत्री के पूर्व प्रसारित कार्यक्रमों की घोषणाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को विशेष ध्यान देकर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आरसीएमएस पोर्टल सहित सभी तहसील कार्यालयों एवं न्यायालयों में लंबित प्रकरणों को 1-2 दिन के भीतर निराकृत कर जिले की रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी, एनपीसी,फार्मर आईडी और राहत प्रकरणों के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों तथा पंचायत विभाग के अंतर्गत वीबी जी राम जी स्वीकृत नवीन कार्यों की एएस/टीएस स्थिति की भी समीक्षा की गई, जहां समस्त जनपद सीईओ को जल संरचनाओ के कार्यों को प्राथमिकता से शामिल करने हेतु निर्देशित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना में निम्न प्रगति वाले जनपदों के सीईओ को मैदानी स्तर पर सक्रिय रहकर कार्य में प्रगति लाने तथा एनआरएलएम में व्यक्तिगत और सामुदायिक स्तर की ब्लॉकवार जानकारी भेजने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, शिक्षा विभाग को गणवेश वितरण की पेंडेंसी का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। अंत में पीएचई और जनपद सीईओ को आपसी समन्वय से पेयजल आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित करने तथा सिंचाई विभाग को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि नहरों का पानी अंतिम छोर तक पहुंचे।
#JansamparkMP
#Badwani
Barwani, Madhya Pradesh | Nov 16, 2026