बांका में अवैध बालू खनन पर बड़ा एक्शन: 10 वाहन जब्त, ₹9.5 लाख का जुर्माना, कई थानों में FIR दर्ज
बांका। समाहर्ता, बांका एवं पुलिस अधीक्षक, बांका के निर्देश पर जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ विगत सप्ताह व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। खनन विभाग ने संबंधित थाना पुलिस के सहयोग से योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 10 वाहनों को जब्त किया।
कार्रवाई के दौरान रजौन थाना क्षेत्र से 1, अमरपुर से 5, जयपुर से 1, बेलहार से 2 तथा धोरैया से 1 वाहन अवैध बालू उत्खनन एवं परिवहन के मामले में जब्त किए गए। सभी मामलों में करीब ₹9.5 लाख का जुर्माना अधिरोपित किया गया है तथा संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
समाहर्ता ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले में अवैध बालू खनन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने नियमित रूप से विशेष अभियान चलाकर बालू माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
Amarpur, Banka | Jul 28, 2026