कोटा ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चाकूबाजी के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार
रामगंजमंडी में युवक पर चाकू से हमला कर मारपीट करने का आरोप, वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल भी जब्त।
कोटा। रामगंजमंडी थाना क्षेत्र में चाकूबाजी और मारपीट के मामले में कोटा ग्रामीण पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के निर्देश पर गठित विशेष टीमों ने तलाश के बाद आरोपियों को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर को फरियादी अमन यादव मोटरसाइकिल से मिठाई सप्लाई करने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में दूसरी मोटरसाइकिल से टक्कर होने के बाद विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने अमन के साथ मारपीट की और एक आरोपी ने उसके पेट में चाकू से वार कर दिया। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संभावित ठिकानों पर तलाश की। कार्रवाई के दौरान महावीर मीणा, रणजीत सिंह, अरुण सरसिया और कमल मीणा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं।
Ladpura, Kota | Oct 21, 2026