कोटा के वार्ड 87 में चुनाव के दौरान हंगामा, पत्रकार से कथित धक्का-मुक्की और मारपीट का प्रयास
पत्रकारों ने महावीर नगर थाने पहुंचकर दी शिकायत, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
कोटा में वार्ड संख्या 87 के पुनर्मतदान के दौरान बुधवार को हंगामे की स्थिति सामने आई। मतदान केंद्र पर कवरेज कर रहे वरिष्ठ पत्रकार एवं आगाज टाइम्स के ब्यूरो चीफ लोकेश जोशी के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की, मारपीट और मोबाइल छीनने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, लोकेश जोशी चुनावी गतिविधियों की कवरेज कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा उनके साथ कथित रूप से अभद्रता करते हुए धक्का-मुक्की की गई और उन्हें मारने की धमकी देने का आरोप है। पत्रकार का आरोप है कि उनका मोबाइल छीनने का भी प्रयास किया गया तथा बाद में मोबाइल को फेंक दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में पत्रकार पहुंच गए। पत्रकारों ने घटना का विरोध करते हुए मौके पर धरना दिया और पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। पत्रकारों का कहना था कि चुनावी कवरेज के दौरान पत्रकार के साथ इस प्रकार का व्यवहार गंभीर मामला है।
इसके बाद सभी पत्रकार महावीर नगर थाने पहुंचे और मामले को लेकर पुलिस को शिकायत दी। पत्रकारों ने पुलिस से घटना की निष्पक्ष जांच कर कथित रूप से शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।
पत्रकारों का आरोप है कि मौके पर पुलिस की मौजूदगी के बावजूद स्थिति तनावपूर्ण बनी रही और पत्रकार को धमकाने तथा उसके साथ मारपीट का प्रयास किया गया। घटना को लेकर पत्रकारों में आक्रोश देखने को मिला।
गौरतलब है कि कोटा नगर निगम चुनाव में वार्ड 87 का परिणाम EVM में तकनीकी गड़बड़ी के कारण रोक दिया गया था और वार्ड 87 समेत कुछ निर्धारित मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराया गया।
फिलहाल मामले में पुलिस शिकायत के आधार पर जांच और आगे की कार्रवाई का इंतजार है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Sangod, Kota | Sep 16, 2026