डॉक्टर्स डे पर IMA नोहर करेगा वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर व सम्मान समारोह
नोहर, 30 जून। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) नोहर द्वारा डॉक्टर्स डे के अवसर पर 1 जुलाई को विभिन्न सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर जयपुर आई हॉस्पिटल में आयोजित आवश्यक बैठक में अंतिम निर्णय लिया गया।
IMA के अनुसार, 1 जुलाई को सुबह 7 बजे बिहानी स्टेडियम में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान लगाए जाने वाले पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखरेख की जिम्मेदारी डॉ. वेद प्रकाश बांदर ने ली है।
इसके बाद सुबह 10 बजे मोनालिसा ब्लड बैंक सेंटर, नोहर में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में रक्तदान करने वाले प्रत्येक रक्तदाता को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक पौधा भेंट किया जाएगा।
रक्तदान शिविर के साथ आयोजित सम्मान समारोह में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए डॉ. बसंत शर्मा, डॉ. गोपाल गोदारा, डॉ. सुनील गोदारा, डॉ. प्रभाष कुल्हारी, डॉ. संगीता बारोड़, डॉ. कमलकांत जाखड़ एवं डॉ. सुरेन्द्र शर्मा का सम्मान किया जाएगा।
इसके अलावा सामाजिक सरोकारों के तहत सवेरा संस्था में जरूरतमंद लोगों के लिए भोजन वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
IMA नोहर के अध्यक्ष डॉ. संतलाल छिम्पा एवं सचिव डॉ. अशोक कुमार सहारण ने सभी चिकित्सकों और आम नागरिकों से रक्तदान शिविर में अधिक से अधिक भागीदारी निभाने तथा इस सामाजिक अभियान को सफल बनाने की अपील की है।