देवास में नवरात्रि के गरबा आयोजनों को लेकर चल रहे विरोध के बीच बुधवार शाम सैकड़ों गरबा प्रेमी युवक-युवतियां और आयोजन संचालक विधायक गायत्रीराजे पवार के निवास पहुंचे। युवाओं ने देवास महाराज विक्रमसिंह राव पवार से मुलाकात कर गरबा आयोजन जारी रखने की मांग रखी और ज्ञापन सौंपा।
युवाओं की बात सुनने के बाद विक्रमसिंह पवार ने गरबा आयोजनों के समर्थन में अपनी बात रखते हुए कहा कि गरबा आयोजन करना कोई गलत बात नहीं है और यह देवास की वर्षों पुरानी परंपरा का हिस्सा है। यह परंपरा आगे भी जारी रहनी चाहिए।
साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन पूरी मर्यादा और अनुशासन के साथ होने चाहिए। इसके लिए आयोजकों को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। गरबा स्थल पर फुहड़ता और अश्लीलता नहीं होनी चाहिए तथा आयोजन का स्वरूप पारंपरिक और पारिवारिक रखा जाना चाहिए।
पवार ने युवाओं को यह भी बताया कि गरबा आयोजनों को लेकर आपत्ति जताने वाले संगठनों और संबंधित लोगों से चर्चा की जाएगी। सभी पक्षों से बातचीत के बाद एक स्पष्ट गाइडलाइन तैयार करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि सुरक्षा, अनुशासन और धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए आयोजन हो सकें।
युवाओं ने भी कहा कि यदि सभी पक्ष मिलकर स्पष्ट नियम तय करें और आयोजक उनका पालन करें, तो विवाद के बजाय संवाद के जरिए समाधान निकाला जा सकता है।
गरबा विवाद के बीच युवाओं और आयोजन संचालकों की इस मुलाकात में अब सबसे महत्वपूर्ण बात विक्रमसिंह पवार का यह स्पष्ट रुख रहा कि देवास की गरबा परंपरा जारी रहनी चाहिए, लेकिन उसके साथ मर्यादा, सुरक्षा और अनुशासन भी सुनिश्चित होना चाहिए।
.
In news ad
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnews