#haridwar : 42 साल बाद घर में गूंजी बेटी की किलकारी, ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ नन्ही परी का भव्य स्वागत
परिवार में खुशी की लहर, अस्पताल से सजी कार में बेटी को घर लेकर पहुंचे परिजन
हरिद्वार। शिवम यादव के परिवार में 42 वर्ष के लंबे इंतजार के बाद बेटी के जन्म ने खुशियों की ऐसी सौगात दी कि पूरा परिवार झूम उठा। घर में नन्ही बेटी के आगमन की खुशी में परिजनों ने अस्पताल से ही उसके स्वागत की विशेष तैयारियां कीं।
बेटी को अस्पताल से सजी हुई कार में घर लाया गया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों के साथ परिजनों और बच्चों ने नन्ही परी का जोरदार स्वागत किया। खुशी का आलम यह था कि परिवार के सदस्य ढोल की थाप पर जमकर झूमते नजर आए।
बेटी के स्वागत के लिए सजाई गई कार पर “बेटी हुई है” लिखकर खुशी का संदेश भी दिया गया। लंबे अंतराल के बाद परिवार में कन्या के जन्म से हर सदस्य के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।
परिजनों ने बेटी के जन्म को अपने परिवार के लिए बेहद खास और यादगार पल बताया। नन्ही बेटी के घर पहुंचते ही परिवार में उत्सव जैसा माहौल बन गया और आसपास के लोगों ने भी परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
Haridwar Stambh Vasudev Shivam Yadav Divyam Yadav