कोडरमा
सतगावां पंचायत शिवपुर के सिहास मुसहरिया गांव में शनिवार की सुबह एक 17 वर्षीय नाबालिग द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान रंजीत मुसहर उम्र 17 वर्ष , पिता नरेश मुसहर, के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता नरेश मुसहर ने बताया कि शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए थे। माता-पिता एवं अन्य सदस्य घर के बाहर सोए हुए थे, जबकि रंजीत अपने कमरे में था। शनिवार सुबह काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकला तो परिजन उसे जगाने पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। शक होने पर परिजन घर की कॉर्केट (एस्बेस्टस) की छत पर चढ़े और ईंट हटाकर अंदर देखा तो रंजीत फंदे से लटका हुआ मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों के अनुसार रंजीत का एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और वह उससे विवाह करना चाहता था। हालांकि युवती के परिजनों ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया और उसकी शादी किसी अन्य युवक से तय कर दी थी। जानकारी के मुताबिक शनिवार को ही युवती की शादी हो रही थी और उसके घर बारात आने वाली थी। परिजनों का कहना है कि इसी मानसिक आघात और दुख के कारण रंजीत ने यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही सतगावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जाता है कि नरेश मुसहर के पांच पुत्र हैं, जिनमें रंजीत सबसे बड़ा था। वह गांव में रहकर आसपास के क्षेत्रों में मजदूरी कर परिवार का सहयोग करता था। उसकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
Koderma, Kodarma | Jun 27, 2026