चित्रकूट कर्वी के एसडीएम कॉलोनी में वृक्षारोपण महायज्ञ में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया पौधरोपण
चित्रकूट। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कर्वी स्थित एसडीएम कॉलोनी में आज रविवार को सुबह 9 बजे वृक्षारोपण महायज्ञ के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और समाजसेवियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पौधरोपण कार्यक्रम में चित्रकूट धाम मंडल के आयुक्त अजित कुमार, रानीपुर टाइगर रिजर्व के वन्यजीव प्रतिपालक गोविन्द प्रसाद, समाजसेवी उमाशंकर पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी चन्द्रशेखर, भाजपा जिलाध्यक्ष महेन्द्र कोटर, अश्वनी अवस्थी, शंकर यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी की अमूल्य धरोहर हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, स्वच्छ एवं शुद्ध वायु उपलब्ध कराने तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों का संरक्षण करना भी प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।