सराहां में वामन द्वादशी मेले का भव्य समापन, बोले सीएम सुक्खू—ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही सरकार
दूध-हल्दी समेत कृषि उत्पादों पर समर्थन मूल्य और ग्रामीण बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने पर जोर
/सिरमौर के सराहां में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय श्री वामन द्वादशी मेले का रंगारंग समापन हो गया। समापन समारोह में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मुख्यमंत्री ने मेले को धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक बताते हुए प्रदेशवासियों और पच्छाद की जनता को शुभकामनाएं दीं।
सराहां में भगवान वामन की पूजा-अर्चना और भव्य शोभायात्रा के साथ शुरू हुआ वामन द्वादशी मेला तीन दिन तक श्रद्धा, संस्कृति और खेल गतिविधियों से गुलजार रहा। ऐतिहासिक शिरगुल तालाब में भगवान वामन की पालकी का नौका विहार आकर्षण का केंद्र रहा। मेले में दंगल, कबड्डी और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों का खूब मनोरंजन किया।
समापन समारोह में मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि मेले और उत्सव हिमाचल की समृद्ध संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति देते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए दूध, हल्दी सहित विभिन्न कृषि उत्पादों पर समर्थन मूल्य जैसे कदम उठाए जा रहे हैं।
“सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। हमारा प्रयास है कि किसानों और पशुपालकों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य मिले और हिमाचल आत्मनिर्भर बने।”
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए राजीव गांधी डे-बोर्डिंग सीबीएसई स्कूलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने मेला समिति, प्रशासन और स्थानीय लोगों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
समारोह में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, नाहन विधायक अजय सोलंकी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
न्यूज टुडे हिमाचल के लिए राजगढ़ से रवि दत्त भारद्वाज की रिपोर्ट।