सफलता की कहानी
मेहनत और आजीविका मिशन के सहयोग से योगिता केवट बनीं लखपति दीदी
________________
स्व सहायता समूह से जुड़कर बदली परिवार की आर्थिक स्थिति, अब हर माह कमा रहीं 20 से 25 हजार रुपये
________________
मजदूरी से शुरू हुआ सफर, शिवलिंग निर्माण व्यवसाय और बैंक बीसी के कार्य से बनीं आत्मनिर्भर
________________
आजीविका मिशन ने दिया आर्थिक संबल, योगिता केवट ने अपनी मेहनत से लिखी सफलता की नई इबारत
________________
खरगोन 17 नवंबर 2026। मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मिशन के सहयोग और स्वयं की मेहनत से जिले के विकासखंड बड़वाह के ग्राम बकावा निवासी श्रीमती योगिता नारायण केवट ने मजदूरी से शुरुआत कर आज लखपति दीदी बनने तक का सफर तय किया है।
श्रीमती योगिता केवट विगत 10 वर्षों से दूसरों के घरों में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। उनके पति नर्मदा नदी से पत्थर लाकर देते थे, जिनसे योगिता शिवलिंग निर्माण का कार्य करती थीं। परिवार में तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। तीनों बच्चे सनावद में अध्ययनरत हैं। सीमित आमदनी के कारण परिवार को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उस समय परिवार की मासिक आय मात्र 5 से 6 हजार रुपये थी।
वर्ष 2018 में आजीविका मिशन के माध्यम से उन्हें स्वयं सहायता समूह की जानकारी मिली और वे समूह से जुड़ गईं। समूह की नियमित बैठकों में सहभागिता के साथ उन्होंने बचत और ऋण गतिविधियों में भी भाग लेना शुरू किया। कोरोना संक्रमण के दौरान लॉकडाउन में शिवलिंग निर्माण का कार्य बंद हो गया, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हुई। ऐसे कठिन समय में मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ विक्रेता योजना के अंतर्गत उन्हें बैंक से 10 हजार रुपये का ऋण मिला। इस राशि से उन्होंने दोबारा शिवलिंग निर्माण का कार्य शुरू किया।
आजीविका मिशन के माध्यम से समूह को 10 हजार रुपये की रिवॉल्विंग फंड राशि प्राप्त हुई, जिसमें से श्रीमती योगिता केवट ने 5 हजार रुपये का ऋण लिया। इसके बाद बैंक से 60 हजार रुपये का ऋण प्राप्त कर शिवलिंग निर्माण के लिए मशीनें खरीदीं। इससे उनके काम की क्षमता और उत्पादन में वृद्धि हुई। वहीं, आजीविका ग्राम संगठन के माध्यम से समूह को 75 हजार रुपये की सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) भी प्राप्त हुई, जिससे समूह की आर्थिक गतिविधियों को और मजबूती मिली।
श्रीमती योगिता केवट ने अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के साथ बैंक बीसी (बैंकिंग कॉरेस्पॉन्डेंट) के रूप में भी कार्य शुरू किया। वे ग्रामीण क्षेत्र में विधवा एवं वृद्धावस्था पेंशन तथा जन-धन खातों से राशि का भुगतान करने के साथ स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को बचत खातों से लेन-देन की सुविधा उपलब्ध करा रही हैं। बैंक में नियमित लेन-देन और बेहतर कार्य के चलते बैंक द्वारा उन्हें 2 लाख रुपये का व्यक्तिगत ऋण भी प्रदान किया गया, जिससे उन्होंने अपने व्यवसाय का और विस्तार किया।
आज श्रीमती योगिता केवट की मासिक आमदनी बढ़कर 20 से 25 हजार रुपये तक पहुंच गई है। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और बच्चे भी बेहतर तरीके से शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इसके साथ ही उनका स्वयं सहायता समूह शासकीय उचित मूल्य की दुकान का सफल संचालन भी कर रहा है।
श्रीमती योगिता केवट की यह सफलता बताती है कि ग्रामीण आजीविका मिशन से मिलने वाला सहयोग, स्वयं सहायता समूह की ताकत और महिलाओं की मेहनत मिलकर आत्मनिर्भरता की नई राह बना सकते हैं। मजदूरी से शुरुआत कर लखपति दीदी बनने तक का उनका सफर ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है।
#JansamparkMP #khargone
Khargone (West Nimar), Madhya Pradesh | Nov 17, 2026