मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ब्यौहारी को दी विकास कार्यों की विभिन्न सौगातें*
सड़क निर्माण, डिजिटल लाइब्रेरी और संजय टाइगर रिजर्व में प्रवेश द्वार निर्माण की घोषणाएं
जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत ब्यौहारी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण सौगातें प्रदान कीं हैं। मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण, शिक्षा, पर्यटन एवं वन्यजीव संरक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों की घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कटनी से विजय सोता-बरगवां होते हुए सिंगरौली तक फोरलेन सड़क निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही सरसी मुख्य मार्ग से खड़ेह मंदिर तक 18 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण, जामुनी से खड़ेह मंदिर तक 13 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण तथा दुआरी से गांधिया तक 15 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा। वहीं मऊ से चरखारी मार्ग तक भी सड़क निर्माण की सौगात दी गई।
मुख्यमंत्री ने ब्यौहारी में सर्वसुविधायुक्त डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की घोषणा की, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को अध्ययन के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
पर्यटन एवं वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संजय टाइगर रिजर्व में ब्यौहारी की ओर से प्रवेश द्वार विकसित करने की भी घोषणा की गई। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर पर्यटन की संभावनाएं बढ़ेंगी।
इसके अलावा जिले में हाथियों के कारण फसलों एवं मकानों को होने वाले नुकसान से बचाव के लिए प्रभावी उपाय किए जाएंगे। इसके लिए ट्रेंच खोदने तथा अन्य सुरक्षात्मक उपायों एवं आवश्यक जानकारियों के संबंध में प्रशिक्षण देने हेतु भोपाल से विशेषज्ञों का दल भेजे जाने की बात कही है।
#shahdol #शहडोल
Shahdol, Madhya Pradesh | Nov 17, 2026