#मामा_फ्रेंकी_रेस्टोरेंट_मामला..
भरतपुर। शहर के सारस चौराहा स्थित 'मामा फ्रैंकी रेस्टोरेंट' के मालिक और स्टाफ के साथ गंभीर मा*र पी*ट कर डकैती डालने के मामले में मथुरागेट थाना पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा के निर्देशानुसार और सहायक पुलिस अधीक्षक आसिमा वासवानी के मार्गदर्शन में थानाधिकारी हरलाल सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में वांछित चल रहे आरोपी राहुलसिंह पुत्र उदयसिंह (उम्र 26 वर्ष) निवासी जाटौली घना, सेवर को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले के मुख्य आरोपी अजीत गुर्जर को पुलिस पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है। यह पूरी वारदात बीते 8 दिसंबर 2025 की रात को हुई थी, जब बदमाश अजीत जाटौली, सचिन और मोहित ने रेस्टोरेंट पर आकर शराब पीने के लिए रंगदारी मांगी थी। रेस्टोरेंट मालिक शैलेश नारंग द्वारा मना करने पर ये बदमाश थार और ब्रेजा गाड़ियों में अपने 5-6 अन्य साथियों के साथ घातक हथियार लेकर लौटे। इन बदमाशों ने रेस्टोरेंट में जबरन घुसकर मालिक शैलेश नारंग पर जानलेवा हमला किया, उन्हें घसीटकर बाहर लाए और उन पर ताबड़तोड़ 50 से अधिक वार किए। बीच-बचाव करने आए स्टाफ को भी जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद बदमाश पीड़ित की जेब से जबरन 8,000 रुपये लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने इस संबंध में मथुरागेट थाने में बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था, जिसके तहत अब पुलिस ने आरोपी राहुल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार आरोपी राहुल को पैदल मौके पर ले जाकर घटना स्थल का मुआयना भी करवाया।