अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा पराग स्वीट्स की फैक्ट्री में निरीक्षण के दौरान गुजिया में मिला फंगस, मौके पर कराया विनिष्टीकरण
धार, 28 अगस्त 2026। धार नगर स्थित पराग स्वीट्स की मिठाई फैक्ट्री का गुरुवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में संग्रहित गुजिया में फंगस पाया गया। जांच में यह खाद्य सामग्री मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त एवं स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाई गई।
जनस्वास्थ्य की दृष्टि से मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही संबंधित खाद्य सामग्री के विनिष्टीकरण की कार्रवाई की गई। अधिकारियों द्वारा प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, स्वच्छता, गुणवत्ता नियंत्रण तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन द्वारा बताया गया कि जनस्वास्थ्य से संबंधित मामलों में लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। आमजन से अपील की गई है कि मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, स्वच्छता, पैकेजिंग एवं समाप्ति तिथि की जांच अवश्य करें।
#Dhar
#foodsafety
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
Dhar, Madhya Pradesh | Aug 28, 2026