उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सीने में गोली लगने से 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।पूरा मामला नानकमत्ता थाना क्षेत्र के ग्राम सिद्धार नवदिया का है, जहां बीती रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान गोली चलने की घटना सामने आई। इस गोलीकांड में 32 वर्षीय सतनाम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी उपचार के दौरान मौत हो गई।युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।वहीं इस मामले में एसपी सिटी रुद्रपुर प्रमोद कुमार ने बताया कि बीती रात आपसी विवाद के दौरान एक पक्ष द्वारा सतनाम सिंह के सीने में गोली मारी गई थी। गंभीर हालत में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई।मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने 6 नामजद लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास जारी हैं।मामले की विवेचना खटीमा के पुलिस क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल द्वारा की जा रही है।वहीं अपने भाई की मौत से आहत मृतक के भाई ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर ऐसा कौन-सा विवाद था, जिसने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया? आखिर किस वजह से सतनाम सिंह को अपनी जान गंवानी पड़ी?फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।