कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा सह अंतर्विभागीय समन्वय की बैठक संपन्न
--------
अधिकारियों को स्व-प्रेरणा से परिणामोन्मुखी कार्यशैली अपनाने के निर्देश
-------
सीएम हेल्पलाइन, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व और हितग्राहीमूलक योजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा
बड़वानी 13 जुलाई 2026/कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह की अध्यक्षता में सोमवार कलेक्ट्रेट सभागृह बड़वानी में समय-सीमा सह अंतर्विभागीय समन्वय की बैठक आयोजित की गई। बैठक में इस सप्ताह आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रमों व अभियानों सहित विभिन्न विभागों के कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि वे स्व-प्रेरणा से रिजल्ट ओरिएंटेड/परिणामोन्मुखी कार्यशैली रखें, ताकि आमजन को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री काजल जावला, संयुक्त कलेक्टर श्री रवि वर्मा सहित सभी संबंधित विभागों के प्रमुख उपस्थित रहे।
बैठक में दिए गए मुख्य दिशा-निर्देश
1. बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा कर बैठक में कलेक्टर ने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का निराकरण एक सतत प्रक्रिया है। इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों को नियमित रूप से कार्य करते हुए आवेदकों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करना होगा। बैठक के दौरान विशेष रूप से 50 दिवस से अधिक की लंबित शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की गई और अधिकारियों द्वारा पोर्टल पर दर्ज किए गए जवाबों की गुणवत्ता का निरीक्षण कर सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी अधिकारी पोर्टल पर भविष्यात्मक जवाब दाखिल न करे, बल्कि समस्याओं का धरातल पर वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
2. बैठक में केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं, जिनमें बैंकों की सक्रिय भागीदारी है, की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना और मुद्रा योजना जैसी प्रमुख योजनाओं के क्रियान्वयन पर समीक्षा कर अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) को निर्देशित किया गया कि प्रकरणों का त्वरित रूप से निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्तमान क्वार्टर (तिमाही) के मासिक लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करते हुए प्रकरणों का समय सीमा में निपटारा सुनिश्चित कराएं। इसके साथ ही, जिन आवेदनों का निराकरण हो चुका है या जिन्हें बैंक द्वारा स्वीकृति दे दी गई है, उन्हें तत्काल संबंधित पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
3. महिला एवं बाल विकास और स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे संयुक्त अभियान पोषण ज्योति अभियान की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित मॉनिटरिंग और छुट्टी के बाद भी उनके पोषण सुधार के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की टीम को फील्ड में चिह्नित बच्चों (एनोरेक्सिया, टीबी, कुपोषण, जन्मजात हृदय विकार, सिकल सेल आदि से पीड़ित) के उपचार पर तत्काल विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए।
4. लंबित संबल पंजीयन आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए समस्त अनुविभागीय अधिकारियों को निश्चित समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदनों के सत्यापन कार्य में तेजी लाने को भी कहा गया।
5. आरसीएमएस पोर्टल पर लंबित नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे प्रतिदिन के आधार पर इन मामलों का निपटारा करें।
6. शिक्षा अंतर्गत जिला परियोजना समन्वयक और सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को यू-डाइस पोर्टल पर लंबित डाटा एंट्री शीघ्र पूरी करने तथा सभी छात्र-छात्राओं की अपार आईडी जनरेट करने की प्रक्रिया को शत-प्रतिशत पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए। अनुशासन के लिए सार्थक ऐप पर शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने को कहा गया।
7. स्वास्थ्य अंतर्गत ब्लॉक चिकित्सा अधिकारियों को गर्भवती महिलाओं के शत-प्रतिशत शीघ्र एएनसी (एएनसी) पंजीकरण, गर्भावस्था के दौरान उच्च रक्तचाप (पीआईएच) की समय पर पहचान, और गंभीर एनीमिया से पीड़ित महिलाओं की ट्रैकिंग कर उन्हें चिकित्सा सहायता देने के निर्देश दिए। प्रसव की संभावित तिथि के उचित प्रबंधन और हाई-रिस्क मामलों की निगरानी कर संस्थागत प्रसव बढ़ाने पर जोर दिया गया ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में प्रभावी कमी आए। इसके साथ ही 16 जुलाई को आकांक्षी विकासखंड पाटी के बोकराटा सेक्टर में आयोजित होने वाले ग्रीन कमांडो अभियान को लेकर लॉजिस्टिक्स,मेडिकल कीट,अन्य प्रबंधन के सम्बंध में विस्तृत दिशा निर्देश दिए गए।
8. बैठक में कृषि विभाग के अंतर्गत उर्वरक वितरण, एचडीपीएस तकनीक, प्राकृतिक कृषि सहित उद्योग, उद्यानिकी, निर्माण, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
#JansamparkMP
#Badwani
Barwani, Madhya Pradesh | Jul 13, 2026